सुंदरनगर की पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की विशेष मुहिम, 1 सप्ताह में इतने किलोग्राम प्लास्टिक किया एकत्रित

punjabkesari.in Saturday, Aug 10, 2024 - 05:45 PM (IST)

मंडी (रजनीश): मंडी जिला के सुंदरनगर विकास खंड की पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए विकास खंड अधिकारी ने विशेष मुहिम शुरू की है। जानकारी के अनुसार विकास खंड की सभी पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए विकास खंड अधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों और सचिवों के साथ बैठक करके रूपरेखा तैयार की थी। इसका परिणाम यह निकला कि इस अभियान के तहत एक सप्ताह में 310.70 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्रित किया गया। प्लास्टिक एकत्रित करने के बाद इसे गाड़ियों के माध्यम से ग्राम पंचायत सलापड़ में बनाए गए प्लास्टिक संग्रह केंद्र तक पहुंचाया। 
PunjabKesari

पंचायत स्तर पर 94 हॉटस्पाॅट बनाए
सुंदरनगर विकास खंड में 30 पंचायतें आती हैं। इन पंचायतों में प्लास्टिक का कूड़ा खुले में फैंका हुआ आम देखा जा सकता था। यह मामला जब विकास खंड अधिकारी सुंदरनगर विवेक चौहान के ध्यान में आया तो उन्होंने पंचायत स्तर पर 94 हॉटस्पाॅट चिन्हित किए। चिन्हित हाॅटस्पाॅट में पंचायत के लोगों की मदद लेने के लिए उन्हें जागरूक किया। इसके बाद लोगाें की मदद से पंचायतों से प्लास्टिक एकत्रित करना शुरू किया।

1444 लोगों ने मुहिम में दिया योगदान
अपनी पंचायत को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विकास खंड की सभी पंचायतों में 1444 लोगों ने इस मुहिम में भाग लेकर प्लास्टिक एकत्रित करने में योगदान दिया। इस अभियान के दौरान सबसे अधिक प्लास्टिक टिहरी पंचायत में बनाए गए हाॅटस्पाॅट में एकत्रित किया गया। इसके अलावा सेरीकोठी पंचायत में बनाए गए 7 हॉटस्पाॅट में प्लास्टिक पाया गया। 
PunjabKesari

क्या कहते हैं बीडीओ 
बीडीओ सुंदरनगर विवेक चौहान ने बताया कि विकास खंड सुंदरनगर की सभी पंचायतों से प्लास्टिक एकत्रित करने के लिए विशेष योजना बनाई गई है। इस अभियान में पंचायत के लोगों द्वारा एकत्र किया गया कूड़ा प्लास्टिक संग्रह केंद्र सलापड़ नष्ट करने के लिए पहुंचाया जा रहा है। अभी यह अभियान पायलट तौर पर शुरू किया गया था लेकिन अब इस अभियान को सभी पंचायतों में लोगों के सहयोग से आगे नियमित रूप से शुरू कर दिया गया है। इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News