परवाणू से सोलन तक नए सिरे से होगा फोरलेन का निर्माण : सुक्खू
punjabkesari.in Tuesday, Aug 01, 2023 - 09:48 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने परवाणू से सोलन तक बने फोरलेन को गंदा करार दिया है। उन्होंने ऐलान किया कि परवाणू से सोलन तक नए सिरे से फोरलेन का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से परवाणू से सोलन तक बने फोरलेन के मामले को उठाया था। केंद्रीय मंत्री ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने एन.एच.ए.आई. के आर.ओ. को इसकी नए सिरे से डी.पी.आर. तैयार करने को कहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से सोलन से परवाणू की दूरी को कम करने के लिए सुरंगों का निर्माण करने को कहा है। हालांकि केंद्रीय मंत्री का कहना था कि सुरंगों के निर्माण पर ज्यादा खर्च आता है, लेकिन हिमाचल की परिस्थितियों को देखते हुए सुरंगों का निर्माण सबसे सुरक्षित है। गडकरी ने भी इसे सुरक्षित माना है। सुरंगों के निर्माण में किसी की जगह भी नहीं जाएगी और जमीन को नुक्सान भी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि परवाणू से कैथलीघाट तक चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग की दशा ठीक नहीं है। ऐसे में सनवारा में वसूल किए जा रहे टोल प्लाजा को बंद करने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे।
आज प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से मिलेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के साथ अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे तथा प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुक्सान से अवगत करवाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि केंद्र सरकार उदारता दिखाकर हिमाचल को अंतरिम राहत जारी करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जिला कुल्लू में बारिश से हुए नुक्सान का जायजा लिया है। केंद्रीय मंत्री ने साफ कहा कि उन्होंने जितना सोचा था प्रदेश में उससे अधिक नुक्सान हुआ है। उन्होंने हिमाचल को भारत सेतु व राष्ट्रीय उच्च मार्ग के लिए केंद्रीय रोड फंड (सी.आर.एफ.) में मिलनी वाली राशि को बढ़ाने का वायदा किया है। प्रदेश को 300 करोड़ रुपए की राशि सी.आर.एफ. में मिलती है जिसे 400 करोड़ रुपए तक बढ़ाने की घोषणा की है। इस मौके पर कृषि मंत्री चंद्र कुमार, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी व कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी उपस्थित थे।