मौसम ने बदली करवट, लाहौल-स्पीति सहित किन्नौर, कुल्लू व चम्बा की पर्वत श्रृंखलाओं पर ताजा हिमपात

punjabkesari.in Wednesday, Dec 01, 2021 - 10:33 PM (IST)

शिमला/मनाली (राजेश): मौसम के करवट बदलते ही प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, जिससे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू व चम्बा की पर्वत श्रंखलाओं पर ताजा हिमपात हुआ है। वहीं राजधानी शिमला सहित मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। पर्यटन स्थलों शिमला, मनाली व डल्हौजी में मौसम बर्फबारी के अनुकूल बन गया है। शिमला में सैलानी सीजन की पहली बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दिसम्बर महीने में यहां अक्सर बर्फबारी होती है, जिसे देखने सैलानियों का तांता लगता है।

6 दिसम्बर तक शिमला में हो सकता है मौसम का पहला हिमपात

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 6 दिसम्बर तक शिमला में मौसम का पहला हिमपात हो सकता है। मौसम के तेवरों से राज्य में ठंड का असर बढ़ गया है और विभिन्न शहरों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में दिन का तापमान 7 डिग्री कम होकर 11 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने प्रदेश भर में 6 दिसम्बर तक मौसम के खराब रहने का अनुमान जताया है। 3 से 6 दिसम्बर को बारिश-बर्फबारी का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

5 दिन बारिश-बर्फबारी का दौर चलने के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डाॅ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से अगले 5 दिन बारिश-बर्फबारी का दौर चलने के आसार हैं। 3 दिसम्बर को निचले, मध्य और उंचे पहाड़ी क्षेत्रों में गरज की संभावना है। 4 दिसम्बर को मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम आमतौर पर शूष्क रहेगा जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। 5 व 6 दिसम्बर को बारिश-बर्फबारी होगी।

केलांग में न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री दर्ज

प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में पारा माइनस में पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह रा'य का सबसे ठंडा स्थल रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री, मनाली में 2.2 डिग्री, भुंतर में 3 डिग्री, डल्हौजी में 3.3 डिग्री, चंबा में 3.6 डिग्री, सुंदरनगर में 4 डिग्री, मंडी में 5.2 डिग्री, सोलन में 5.5 डिग्री, कुफरी में 5.6 डिग्री, पालमपुर में 6 डिग्री, सराहन में 6.5 डिग्री, ऊना व शिमला में 6.8 डिग्री, बिलासपुर में 8 डिग्री, हमीरपुर में 7 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 12 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं केलांग में 7.4 डिग्री अधिकतम तापमान, कल्पा में 8.7 डिग्री, डल्हौजी में 10.7 डिग्री, चंबा में 19.2 डिग्री, धर्मशाला में 17.2 डिग्री, कांगड़ा में 20.7 डिग्री, भुंतर में 12.6 डिग्री, हमीरपुर में 16.5 डिग्री, सुंदरनगर में 13.8 डिग्री, बिलासपुर में 15 डिग्री, सोलन में 14, नाहन में 17.9 डिग्री रहा।

रोहतांग के बाद अब दारचा से आगे जाने पर प्रतिबंध

मनाली प्रशासन ने रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए पहले ही बंद कर दिया है जबकि लाहौल-स्पीति प्रशासन ने भी अब दारचा से आगे जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। रोहतांग दर्रा बंद होने के चलते पर्यटक लाहौल के कोकसर व सिस्सू में बर्फ के दीदार को दस्तक दे रहे हैं। मनाली घाटी में भी बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है। बर्फबारी होने की सूरत में पर्यटन कारोबार भी गति पकड़ेगा। डीसी लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि अब लाहौल में पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।

चम्बा प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

चम्बा के डीसी दुनी चंद राणा ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अलर्ट जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि बेवजह घर से बाहर न निकलें। उधर, डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने अधिकारियों से कहा कि अटल टनल रोहतांग तक का मार्ग हर समय खुला रखने के प्रयास करें। सोलंग में बचाव चौकी स्थापित करने को कहा गया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News