रोहतांग व बारालाचा दर्रे में भारी हिमपात, लाहौल में हिमस्खलन

punjabkesari.in Sunday, Apr 18, 2021 - 06:43 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रे सहित बारालाचा, कुंजम जोत व शिंकुला दर्रे में बर्फ  की मोटी चादर बिछ गई है। बारालाचा दर्रे में 3 फुट से अधिक बर्फबारी हुई है, जबकि सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे में भी अढ़ाई फुट हिमपात हुआ है। मनाली-लेह मार्ग कई दिनों के लिए बंद हो गया है। जोजिला पास भी बहाल न होने से लेह-लद्दाख सभी जगह से कट गया है।

जोजिला पास बहाल न होने से रास्ते में फंसे हैं ट्रक

बीआरओ की मानें तो कश्मीर के रास्ते भी लेह जा रहे ट्रक जोजिला पास बहाल न होने से रास्ते में ही फंसे हुए हैं। इन सभी ट्रक चालकों को लगभग एक सप्ताह तक का इंतजार करना होगा। चंद्रा घाटी के गोंदला गांव के सामने वाली पहाड़ी में भारी हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन से कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन चंद्रा नदी का बहाव पलभर के लिए रुक गया। बर्फ बारी के बाद लाहौल में हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। केलांग व सिस्सू में 3 इंच से अधिक बर्फ बारी हुई है, जबकि दारचा में 2 इंच हिमपात हुआ है।

बर्फबारी से किसानों की दिक्कतें बढ़ीं

घाटी के समस्त ऊंचे ग्रामीण क्षेत्रों में ताजा बर्फ बारी हुई है, जिससे किसानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। लाहौल के समस्त पहाड़ बर्फ  से लकदक हो गए हैं। रोहतांग दर्रे में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे अब सैलानी लंबे समय तक रोहतांग दर्रे में बर्फ  का दीदार कर सकेंगे। ताजा बर्फबारी के कारण अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में स्किड हो रहे वाहनों को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल अटल टनल पर्यटकों के लिए बंद कर दी है। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में 3 इंच, जबकि साऊथ पोर्टल में 2 इंच बर्फबारी हुई है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं सैलानी

एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि रोहतांग दर्रे में भारी बर्फ बारी हुई है। उन्होंने सैलानियों से आग्रह किया है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि बारालाचा दर्रे में भारी बर्फबारी हुई है, जिस कारण लेह मार्ग बाधित हो गया है। रोहतांग दर्रे सहित बारालाचा, कुंजम व शिंकुला दर्रे में भारी बर्फबारी से बीआरओ की सड़क बहाली प्रभावित हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News