32 वर्षीय युवक को सांप ने डसा, अस्पताल ले जाने की बजाए वीडियो बनाते रहे दोस्त, मौत
punjabkesari.in Thursday, Sep 12, 2019 - 04:41 PM (IST)

सरकाघाट (महाजन): मंडी जिला के उपमंडल धर्मपुर के चसवाल गांव में एक युवक (32) विक्की पुत्र कृष्ण चंद की पठानकोट में सांप के डसने से मौत हो गई। बता दें कि मृतक विक्की ने मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की थी और पंजाब के पठानकोट में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसके सहयोगी ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे वे दोनों शाम का खाना खाने के बाद सोने चले गए। विक्की को सोते हुए कई बार लगा कि कोई कीड़ा उसके जिस्म पर रेंग रहा है और ज्यूं ही उसने बिजली जलाई तो उसी समय फन फैलाकर एक जहरीला सांप उसकी एक टांग से लिपटा हुआ था, जिसने मिनटों में विक्की को डस लिया। दोनों युवकों ने घटना को हल्के से लिया और सांप को मार कर उसका वीडियो बनाने में लग गए और फिर से सोने चले गए लेकिन रात के करीब 3 बजे विक्की के सारी शरीर में कंपकंपी शुरू हो गई और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
यह देखकर उसके साथ रह रहे युवक ने आसपास रहने वाले लोगों को जगाया और उसे सिविल अस्पताल पठानकोट ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर ने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। सरकाघाट पुलिस ने अपने तौर पर आवश्यक कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतक विक्की अपने पीछे अपनी पत्नी और एक बेटी छोड़ गया है। विक्की के आकस्मिक निधन पर स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।