Himachal: सोनिया गांधी की जीवनी पर छिड़ी बहस के बीच विक्रमादित्य सिंह की एंट्री, PM मोदी के भविष्य और किताब को लेकर कह दी बड़ी बात
punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 07:11 PM (IST)
कुनिहार (नेगी): लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोनिया गांधी द्वारा लिखी गई जीवनी और उस पर हो रही राजनीतिक बयानबाजी को लेकर पलटवार किया है। कुनिहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी जीवनी और विचार लिखने का अधिकार है। इसे राजनीतिक दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। सोनिया गांधी का देश की राजनीति में एक लंबा और महत्वपूर्ण अनुभव रहा है। वह कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष रही हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस परिवार के बलिदान को याद करते हुए कहा कि एक ही परिवार के 2 प्रधानमंत्रियों (इंदिरा गांधी और राजीव गांधी) का देश के लिए शहीद होना, इससे दुखद घटना क्या हो सकती है? जिस परिवार ने देश के लिए इतनी बड़ी कुर्बानियां दी हैं, सोनिया गांधी ने अपने उन्हीं भावों और अनुभवों को अपनी किताब में सांझा किया है, जिससे भाजपा को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भविष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से बाहर होंगे और अपनी किताब लिखेंगे, तब भाजपा उसमें उछल-कूद करे, अभी इस पर राजनीति करने का कोई औचित्य नहीं है।
प्रदेश सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार धरातल पर बेहतर काम कर रही है। उनके विभाग के तहत लगभग 10,000 करोड़ रुपए के विकासात्मक कार्य प्रगति पर हैं। 2 दिन पूर्व ही राष्ट्रपति द्वारा प्रदेश लोक निर्माण विभाग को सम्मानित किया गया है, जो सरकार की कार्यकुशलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेताओं को धरातल पर हो रहे विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं और सरकार को घेरने के लिए उनके पास अब कोई भी ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

