शिमला के फागू में कार से चिट्टा बरामद, हरियाणा और पंजाब के 2 नशा तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 09:35 PM (IST)
शिमला (संतोष): प्रदेश में नशा माफिया और चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठियोग पुलिस थाना की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फागू क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 10 ग्राम चिट्टा बरामद कर 2 अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक हरियाणा और दूसरा पंजाब का रहने वाला है। पुलिस ने मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को कब्जे में लेकर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ठियोग थाना की एक विशेष टीम फागू और आसपास के इलाकों में गश्त तथा अपराध निवारण ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान गोपनीय सूचना और संदिग्ध गतिविधि के आधार पर पुलिस ने एक वाहन को चैकिंग के लिए रोका। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें सवार 2 व्यक्तियों के कब्जे से 10 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ को सील कर दिया और वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान भोला बख्शी (45) पुत्र सुभाष बख्शी निवासी तहसील एवं जिला अंबाला, हरियाणा और अमन कुमार (26) पुत्र राज कुमार निवासी गांव व डाकघर डप्पर, तहसील डेराबस्सी, जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

