Himachal: मंडी में नशे की खेप के साथ हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस काे ऐसे मिली कामयाबी
punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2026 - 01:21 PM (IST)
मंडी (रजनीश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। औट थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक निजी बस में सफर कर रहे हरियाणा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से आधा किलो से अधिक चरस बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार औट थाना की पुलिस टीम ने बीते दिन शालानाला सड़क (एनएच-03) पर रूटीन नाका लगाया हुआ था। चैकिंग के दौरान वहां से गुजर रही एक निजी बस को रोका गया। पुलिस ने जब बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली तो इस दाैरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जांच करने पर उसके कब्जे से 505 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने चरस बरामद होते ही आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अशोक कुमार पुत्र कर्म चंद के रूप में हुई है। वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के थानेश्वर का रहने वाला है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान सख्ती से जारी है। आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ पुलिस थाना औट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

