Hamirpur: सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट ने नियुक्त किए नए पदाधिकारी, देखें हिमाचल से दिल्ली तक किसे मिली क्या जिम्मेदारी
punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 06:25 PM (IST)
हमीरपुर: समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट (एसकेटी) ने अपनी गतिविधियों को देश भर में प्रभावी ढंग से संचालित करने और बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बड़ा संगठनात्मक विस्तार किया है। ट्रस्ट के चेयरमैन अभिषेक राणा ने आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी।

ट्रस्ट ने इन्हें बनाया मुख्य सलाहकार
ट्रस्ट ने अपने मार्गदर्शन मंडल को मजबूत करते हुए अनुभवी व्यक्तित्वों को जोड़ा है। जारी सूची के अनुसार रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुभाष आहलूवालिया और डॉ. साजन शर्मा को मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया है। इनका अनुभव ट्रस्ट की आगामी योजनाओं को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हिमाचल में सीनियर और स्टेट को-ऑर्डिनेटर्स नियुक्त
हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूती देने के लिए वरिष्ठ स्तर पर नियुक्तियां की गई हैं। लेखराज ठाकुर, अनिल ठाकुर (हमीरपुर) और सेना मेडल विजेता रिटायर्ड कैप्टन ज्योति प्रकाश को स्टेट सीनियर को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य समन्वयकों के रूप में रघुबीर सिंह ठाकुर, अनिल ठाकुर (भोरंज), रजनीश कुमारी, जसवीर सिंह (जस्सी), विपिन चंद और सोमेश कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला स्तरीय नियुक्तियां
जमीनी स्तर पर कार्य करने के लिए हिमाचल के विभिन्न जिलों में जिला समन्वयकों की भी तैनाती की गई है। इनमें हमीरपुर जिले के लिए डॉ. अशोक राणा, प्रकाश ठाकुर, राज कुमार ठाकुर और नंदलाल शर्मा को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कांगड़ा में आदित्य शरद, बिलासपुर में अनीश शर्मा, ऊना में दर्शन ठाकुर, कुल्लू में नंदलाल ठाकुर, लाहौल-स्पीति कुनगा ग्यालचन बाैध और किन्नौर जिला में बलविंदर सिंह नेगी काे तैनाती दी गई है।
अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विस्तार
ट्रस्ट ने हिमाचल के बाहर भी अपना दायरा बढ़ाया है। केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के लिए अश्वनी कुमार, बिक्रम सिंह और परीक्षित राणा को समन्वयक बनाया गया है, जबकि दिल्ली के लिए प्रकाश शर्मा और रोमेल सिंह राणा को जिम्मा सौंपा गया है। पंजाब राज्य के लिए ध्यान सिंह, गौरव शर्मा, जसवंत सिंह राणा और विकास मनकोटिया तथा हरियाणा राज्य के लिए विनोद बंसल को स्टेट को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।

मीडिया और कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
संस्था के प्रशासनिक कार्यों और प्रचार-प्रसार के लिए भूपेंद्र नारायण सिंह को मीडिया और कम्युनिकेशन को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। वहीं, वित्तीय प्रबंधन के लिए प्यार चंद राणा को कोषाध्यक्ष का पदभार सौंपा गया है। इसके साथ ही रोहित शर्मा, विद्या सागर, होशियार सिंह, राकेश कुमार, विपिन कुमार और मनोज कुमार (लक्की) को सक्रिय सदस्य के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
अभिषेक राणा ने दी बधाई
नवनियुक्त टीम को शुभकामनाएं देते हुए चेयरमैन अभिषेक राणा ने अपने संदेश में कहा कि ट्रस्ट सभी नियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हार्दिक बधाई देता है। हमें पूर्ण आशा है कि आप समाज के हित में कल्याणकारी कार्य करते हुए मानवता के उत्थान हेतु समर्पित भाव से कार्य करेंगे और ट्रस्ट के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

