Hamirpur: मोदी सरकार के हाऊसिंग फॉर ऑल संकल्प को मिली नई गति, हिमाचल के ग्रामीण परिवारों को होगा लाभ : अनुराग
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 09:29 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 12 राज्यों के लिए 10,021 करोड़ की स्वीकृति केंद्र सरकार की गरीब कल्याण प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री के हाऊसिंग फॉर ऑल संकल्प को नई गति प्रदान करेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब, वंचित व आवासहीन परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ग्रामीण आवास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत देशभर में अब तक लगभग 3.9 करोड़ से अधिक घर स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि करीब 3 करोड़ आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि योजना के विस्तारित चरण के अंतर्गत वर्ष 2029 तक 4.95 करोड़ ग्रामीण परिवारों को पक्के घर उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे देश के करोड़ों परिवारों का सुरक्षित व सम्मानजनक आवास का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों ने प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों तक विकास की नई रोशनी पहुंचाई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ-साथ हर गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध करवाने का लक्ष्य भी निश्चित रूप से पूरा होगा।

