Hamirpur: 19 जिला परिषद सदस्य 8 जून को लेंगे शपथ, SDM करवाएंगे अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 10:02 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव चौहान): पंचायत चुनावों के सफल समापन के बाद अब हमीरपुर जिले में नवनिर्वाचित जनप्रतिधियों के कार्यभार संभालने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला परिषद हमीरपुर के सभी 19 वार्डों के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 8 जून को आयोजित किया जाएगा।
परिषद की सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह शपथ ग्रहण समारोह 8 जून को सुबह 11 बजे जिला परिषद के सम्मेलन हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले की उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ सभी 19 नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी।
6 पंचायत समितियों के सदस्यों को एसडीएम दिलाएंगे शपथ
जिला परिषद के अलावा पंचायत समितियों (बीडीसी) के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जिले की सभी 6 पंचायत समितियों के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह संबंधित विकास खंड मुख्यालयों पर आयोजित किए जाएंगे। इन समारोहों में संबंधित क्षेत्रों के उपमंडलाधिकारी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव भी करवाएंगे एसडीएम
इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पंचायत समितियों के शपथ ग्रहण समारोहों के साथ-साथ इन समितियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए संबंधित एसडीएम को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। एसडीएम की देखरेख में ही पंचायत समितियों के शीर्ष पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

