पंजाब के ब्लॉगर की गिरफ्तारी पर बवाल, सिख संगठनों ने टोल बैरियर किया जाम; शिमला कूच की दी चेतावनी
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 10:10 PM (IST)
बिलासपुर (विशाल): शिमला में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की प्रतिमा के सामने एक पंजाबी ब्लॉगर द्वारा की गई टिप्पणी और उसके बाद हिमाचल पुलिस द्वारा की गई उसकी गिरफ्तारी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। ब्लॉगर की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को निहंग सिंह जत्थेबंदियों और शिरोमणि अकाली बुड्ढा दल के दर्जनों लोगों ने किरतपुर-मनाली फोरलेन पर बिलासपुर-पंजाब सीमा पर स्थित गरामोड़ा टोल बैरियर पर धरना दे दिया। प्रदर्शनकारियों ने हिमाचल सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पर्यटक हुए परेशान, पुलिस की मध्यस्थता से खुली एक लेन
अचानक हुए इस चक्का जाम के कारण फोरलेन पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कुल्लू-मनाली और शिमला की ओर जा रहे देश-विदेश के पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय वाहन चालकों को घंटों भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम और तनाव की सूचना मिलते ही हिमाचल पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत हरकत में आईं और प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत शुरू की। पुलिस की सूझबूझ और वार्ता का सकारात्मक परिणाम यह निकला कि प्रदर्शनकारियों ने यातायात के लिए टोल बैरियर की एक लेन खोल दी, जिससे वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो सका।
ब्लॉगर को रिहा करें, वरना करेंगे शिमला कूच
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे निहंग सिंह संगठनों के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि ब्लॉगर नवदीप सिंह ने शिमला में अपनी बात रखी थी, जो किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं है। इसके बावजूद 15 जुलाई को हिमाचल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जो कि सरासर अन्याय है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि नवदीप सिंह को तुरंत रिहा किया जाए और उस पर लगाए गए सभी मामले रद्द किए जाएं। यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है, तो वे सीधे शिमला की ओर कूच करेंगे।
स्थिति पर बारीकी से रखी जा रही नजर : एसपी
इस पूरे घटनाक्रम पर एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने कहा कि हिमाचल पुलिस स्थिति को लेकर पूरी तरह सजग है और हर पहलू पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनकारियों से सकारात्मक दिशा में बातचीत जारी है और उनके साथ सहमति बनाकर टोल बैरियर पर एक लेन से ट्रैफिक सुचारू करवा दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

