12 व 13 को रहेगा गरज के साथ बर्फबारी व वर्षा का यैलो अलर्ट

punjabkesari.in Saturday, Mar 09, 2024 - 09:05 PM (IST)

शिमला (संतोष): प्रदेश में 12 व 13 मार्च को गरज के साथ बर्फबारी व वर्षा का यैलो अलर्ट रहेगा। ऐसे में एक बार फिर लोगों को बर्फबारी व वर्षा का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार व सोमवार को मौसम साफ व शुष्क रहेगा, जबकि 12 मार्च से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और इस दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 13 मार्च को कुछ स्थानों पर हिमपात व वर्षा होने की संभावनाएं हैं। 14 मार्च को भी इसका असर देखने को मिल सकता है, लेकिन 15 मार्च से प्रदेश में मौसम फिर से साफ हो जाएगा। शनिवार को राजधानी शिमला सहित अधिकांश इलाकों में खिली धूप से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। प्रदेश में सामान्य से औसतन तापमान में 1.4 डिग्री की वृद्धि हुई है और ऊना में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री व शिमला में 19 डिग्री रहा। शिमला में सामान्य से औसतन 3.1 डिग्री तापमान में इजाफा हुआ है। न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 11.4 डिग्री व शिमला में 6 डिग्री रहा है, जबकि कल्पा में माइनस 3.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

शनिवार को 5 और सड़कें हुईं बंद, 4 ट्रांसफार्मर किए ठीक
शनिवार को प्रदेश में 5 सड़कें और बंद हो गई हैं। सुबह जहां 346 सड़कें बंद थीं, शाम तक इनकी संख्या 351 हो गई। महाशिवरात्रि पर्व के बाद शनिवार को भी सैकेंड सैटरडे का अवकाश बना रहा, जिसके चलते कर्मचारी छुट्टी पर रहे। विद्युत बोर्ड के तहत सुबह बंद चल रहे 365 ट्रांसफार्मरों में 4 को दुरूस्त कर दिया गया है, जबकि प्रदेश में अब 361 ट्रांसफार्मर ही बंद हैं, वहीं 8 पेयजल योजनाएं बाधित चली हुई हैं। अब तक प्री-मॉनसून सीजन के 9 दिनों में 19 लोगों की मौत और 35 घायल हो चुके हैं, जबकि 2.35 करोड़ से अधिक की संपत्ति को नुकसान हो चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News