Weather Update: शिमला से ठंडी रही ऊना-सोलन की रात, तीन दिन कोहरे का यैलो अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Nov 29, 2026 - 06:28 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल में सूखे के दौर के बीच मौसम 3 दिसम्बर से करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 दिसम्बर को एक-दो स्थानों तथा 4 व 5 दिसम्बर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जबकि 2 दिसम्बर तक मौसम शुष्क रहेगा। विभाग ने आगामी दिनों में निचली पहाड़ियों और मैदानी इलाकों के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया है। बिलासपुर के भाखड़ा जलाशय क्षेत्र, हमीरपुर के सुजानपुर टीहरा और मंडी के बल्ह घाटी के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। वाहन चालकों को सुबह-देर रात फॉग लाइट के इस्तेमाल और धीमी गति से चलने की सलाह दी गई है।
रविवार सुबह दर्ज न्यूनतम तापमान में शिमला 9.7 डिग्री सैल्सियस के साथ कई इलाकों से गर्म रहा। इसके उलट ऊना में 7, सोलन में 5, कांगड़ा में 8.4 और सुंदरनगर में 4.7 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। ऐसे में शिमला से भी सर्द मैदानी इलाकों की रातें हो गई हैं। लाहौल-स्पीति के ताबो में पारा माइनस 4.9 डिग्री सैल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि पांवटा साहिब में सबसे अधिक 15 डिग्री रहा। ताबो में सबसे कम माइनस 4.9 डिग्री दर्ज किया गया।

