हिमाचल में 3 दिसम्बर से बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी के आसार
punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 06:47 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल में लंबे शुष्क दौर के बाद तीन दिसम्बर से मौसम करवट बदलने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 नवम्बर से 2 दिसम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। 2 दिसम्बर की रात से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 दिसम्बर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 4 दिसम्बर को मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश व हिमपात होने के आसार हैं। दूसरी ओर मौसम विभाग ने 28 नवम्बर से 2 दिसम्बर तक बिलासपुर (भाखड़ा जलाशय क्षेत्र), हमीरपुर (सुजानपुर टिहरा) और मंडी (बल्ह घाटी) के कुछ हिस्सों में देर रात व सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है।
नवम्बर में 82 फीसदी कम बारिश
नवम्बर माह में प्रदेश में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। 1 से 27 नवम्बर तक राज्य में 17.1 मिलीमीटर सामान्य बारिश के मुकाबले मात्र 3.1 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य से 82 प्रतिशत कम है। बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में बारिश शून्य यानी 100 फीसदी कम रही, जबकि कांगड़ा में 99, कुल्लू व मंडी में 98, सोलन में 96 और शिमला में 91 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
जनजातीय इलाकों में माइनस में पारा
शनिवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 3.6 डिग्री सैल्सियस और कुकुमसेरी में माइनस 3.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान 8 और मनाली का 3.4 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो ऊना में सबसे अधिक 27.6 डिग्री, शिमला में 19 और मनाली में 17.8 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस बीच, मैदानी इलाकों में बढ़ती ठंड और कोहरे के बीच सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए वीकैंड पर शिमला, कुफरी, मनाली और धर्मशाला जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की चहल-पहल बढ़ गई है।

