Weather Update: हिमाचल में ठंड से जमने लगी झीलें, ताबो में पारा माइनस 6.1 डिग्री

punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 07:16 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में नवम्बर के आखिरी सप्ताह में ठंड ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार रात इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। जनजातीय क्षेत्र ताबो में न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 6.1 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया, जबकि कुकुमसेरी में पारा माइनस 3.7 और केलांग में माइनस 1.2 डिग्री दर्ज हुआ। ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड के चलते झीलों, झरनों और नालों का पानी जमने लगा है।

खास बात यह है कि प्रदेश के मैदानी और निचले इलाके राजधानी शिमला (10.2 डिग्री) और कुफरी (10.1 डिग्री) से भी ज्यादा ठंडे रहे। मंडी में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, बिलासपुर में 7.0 डिग्री, कांगड़ा में 7.5 डिग्री और ऊना में 7.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कुल 9 स्थानों भुंतर (2.2), सुंदरनगर (3.7), सोलन (3.8), चम्बा (4.1), मंडी (4.9), पालमपुर (5.5), बिलासपुर (7), कांगड़ा (7.5) और नाहन (9.6) में रात का तापमान सामान्य से 0.6 से 3 डिग्री तक नीचे रहा।

चार दिन घने कोहरे का यैलो अलर्ट, पहली दिसम्बर तक मौसम साफ
नदी किनारे के इलाकों में कोहरे से सुबह दृश्यता प्रभावित हो रही है। बिलासपुर में दृश्यता 100 मीटर और मंडी में 400 मीटर दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 नवम्बर तक बिलासपुर (भाखड़ा जलाशय क्षेत्र), हमीरपुर (सुजानपुर टीहरा) और मंडी की बल्ह घाटी में देर रात व सुबह घने कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया है। पहली दिसम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क व साफ बना रहेगा और बारिश-बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News