Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 5 दिनों तक आंधी-तूफान व ओलावृष्टि का अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 07:43 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में 2 अप्रैल की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते आने वाले दिनों में मौसम और बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने आगामी 3 से 7 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने के भी संकेत हैं।
5 से 7 अप्रैल के बीच भी बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कुकुमसेरी में 1.2 सैंटीमीटर ताजा हिमपात रिकार्ड किया गया, जबकि केलांग में बर्फ के फाहे गिरे हैं। सराहन में 28, भावानगर में 12.8, कटौला व शिलारू में 10.4-10.4, सेओबाग में 7.8, मनाली में 7, भुंतर में 5.4, रामपुर और कसौली में 5-5 मिलीमीटर वर्षा हुई है। बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 31.6 और राजधानी शिमला में 20.7 डिग्री रिकार्ड किया गया है।

