Weather Update: हिमाचल में अंधड़, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी, 5 दिन का यैलो अलर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 10:14 PM (IST)
शिमला (राजेश): हिमाचल में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है और यही कारण है कि तापमान में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। मार्च के महीने में तीखी गर्मी महसूस की जा रही है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में सूखे जैसी स्थिति बनने लगी है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम के तेवर बदलने की संभावना जताई है और राज्य के लिए 5 दिन का यैलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 11, 12, 14, 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई इलाकों में अंधड़ चलने, बिजली कड़कने और मौसम खराब रहने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने खासतौर पर 11 और 12 मार्च को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। इसके अलावा इन दिनों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। विभाग के मुताबिक 11 से 16 मार्च के बीच प्रदेश में मौसम के कड़े तेवर देखने को मिल सकते हैं। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इससे लंबे समय से जारी सूखे जैसे हालात में कुछ राहत मिल सकती है।
सर्दियों के मौसम में सामान्य से काफी कम बारिश
इस वर्ष सर्दियों के मौसम में सामान्य से काफी कम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। प्रदेश में जनवरी के अंतिम सप्ताह में ही इस विंटर सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी और बारिश हुई थी। इसके बाद से मौसम ज्यादातर शुष्क बना रहा। मार्च महीने में भी अब तक बारिश न होने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ौतरी दर्ज की जा रही है।
न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सैल्सियस अधिक चल रहा
मौसम विज्ञान केंद्र की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री सैल्सियस अधिक चल रहा है। पहाड़ी पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली की रातें भी सामान्य से काफी गर्म बनी हुई हैं। शिमला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है, जबकि मनाली में यह सामान्य से लगभग 9 डिग्री ऊपर चल रहा है।
यह रहा तापमान
प्रदेश के विभिन्न शहरों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुंदरनगर में 13.6 डिग्री, भुंतर में 12 डिग्री, कल्पा में 6.1 डिग्री, धर्मशाला में 12.6 डिग्री, उना में 14.2 डिग्री और नाहन में 15.7 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में 4.8 डिग्री, पालमपुर में 15.5 डिग्री, सोलन में 11 डिग्री, मनाली में 11.9 डिग्री, कांगड़ा में 17 डिग्री, मंडी में 14.3 डिग्री और बिलासपुर में 15.5 डिग्री सैल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। जुब्बड़हट्टी में 15.8 डिग्री, कुफरी में 9.9 डिग्री, सियोबाग में 12.5 डिग्री, बरठीं में 13.9 डिग्री, सराहन में 9.4 डिग्री, देहरागोपीपुर में 18 डिग्री और नेरी में 19.5 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

