Weather Updates: 8 जिलों से विदा हुआ मानसून, 97 दिन तक हिमाचल में मचाई तबाही
punjabkesari.in Wednesday, Sep 24, 2025 - 09:58 PM (IST)

शिमला (राजेश): प्रदेश में भारी तबाही मचाने के 97 दिन बाद मानसून ने विदाई ले ली है। प्रदेश के 8 जिले चम्बा, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर और मंडी में मानसून ने अलविदा कह दिया है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश से अगले 2 से 3 दिन में मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा।
आमतौर पर मानसून विदा होने की तिथि 25 सितम्बर है, लेकिन इस बार एक दिन पहले मानसून ने हिमाचल से विदाई ली है। 20 जून को हिमाचल के भागों में मानसून ने दस्तक दी थी। मौसम विभाग के अनुसार इस मानसून सीजन में 1,023 मिलीमीटर बादल बरस चुके हैं। प्रदेश में बीते 30 सालों में इतनी बारिश कभी नहीं हुई। इससे पहले 1995 में यानी 31 साल पहले जरूर 1,029 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
इस मानसून सीजन में 20 जून से 23 सितम्बर के बीच सामान्य से 43 प्रतिशत अधिक बादल बरसे हैं। मंडी जिले में सबसे ज्यादा 1910.5 मिलीमीटर बारिश हुई। मंडी के बाद कांगड़ा में भी 1900.2 मिलीमीटर और सिरमौर में 1613.0 मिलीमीटर बारिश हुई।
4,861 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति तबाह
प्रदेश में भारी बारिश की वजह से 4,861 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति नष्ट हो चुकी है। मानसून सीजन में 451 लोगों की जान गई है। इनमें से 82 लोगों की जान लैंडस्लाइड, बाढ़ और बादल फटने से गई है, जबकि 47 लोग लंबे समय से लापता हैं।