Weather Update: हिमाचल प्रदेश में गर्मी का प्रचंड प्रहार, दो दिन बाद फिर बारिश व बर्फबारी की संभावना

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 08:53 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम केंद्र शिमला के आंकड़ों के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। ऊना 40 डिग्री सैल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि राजधानी शिमला में भी गर्मी का असर रहा, जहां तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री, सुंदरनगर में पारा 35.8 डिग्री और मंडी में 35 डिग्री तक पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में तापमान में औसतन 0.6 डिग्री की वृद्धि हुई है। गर्मी के साथ-साथ शुष्क मौसम ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं, क्योंकि राज्य के किसी भी स्टेशन पर वर्षा या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई है।

गर्मी के बीच बारिश और बर्फबारी से राहत की उम्मीद
हिमाचल प्रदेश में जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी भविष्यवाणी की है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के अलग-अलग स्थानों पर 24, 26 और 27 अप्रैल को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, वहीं 25, 28 और 29 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी हो सकती है। सप्ताह के शेष दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा। चम्बा और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में वर्षा सामान्य से कम रहने का अनुमान है। किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में वर्षा सामान्य से अधिक हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में वर्षा के दिन सामान्य रहने की संभावना है। यह बदलाव तपती गर्मी से जूझ रहे प्रदेशवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आ सकता है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News