Shimla: राज्य शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए 25 जून तक आवेदन कर सकेंगे शिक्षक

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 06:51 PM (IST)

शिमला (प्रीति): उच्च शिक्षा विभाग ने वर्ष 2026 के राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए सरकारी डिग्री कॉलेजों, संस्कृत कॉलेजों, एससीईआरटी सोलन तथा जीसीटीई धर्मशाला के शिक्षकों और प्राचार्यों से नामांकन आमंत्रित किए हैं। निदेशक उच्च शिक्षा डा. हरीश कुमार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार पात्र सहायक प्रोफैसर, एसोसिएट प्रोफैसर, प्रोफैसर और प्राचार्य निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन कर सकते हैं। इस वर्ष उच्च शिक्षा में कुल 7 पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनमें 5 पुरस्कार कॉलेज शिक्षकों तथा 2 पुरस्कार प्राचार्यों के लिए निर्धारित हैं।

चयनित पुरस्कार विजेताओं को हिमाचली टोपी/स्कार्फ एवं शॉल, पदक, प्रशस्ति पत्र, सम्मान-पत्र प्रदान किया जाएगा। इसमें शिक्षक वर्ग के लिए कम से कम पांच वर्ष का पूर्णकालिक शिक्षण अनुभव तथा पिछले तीन वर्षों की एसीआर में ‘वैरी गुड’ रेटिंग अनिवार्य होगी। वहीं प्राचार्यों के लिए सरकारी कॉलेज में नियमित रूप से कम से कम एक वर्ष का प्राचार्य अनुभव आवश्यक रखा गया है। नामांकन स्वयं, प्राचार्य, छात्रों, शिक्षकों, पीटीए अथवा समाज के किसी सदस्य द्वारा किया जा सकता है।

सभी आवेदन निर्धारित प्रारूपों एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित 25 जून तक ई-मेल तथा हार्ड कॉपी के माध्यम से निदेशालय को भेजने होंगे। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि अपूर्ण आवेदन अथवा निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत नहीं किए गए नामांकन सीधे खारिज कर दिए जाएंगे। साथ ही जिन शिक्षकों या प्राचार्यों के विरुद्ध विभागीय या आपराधिक मामले लंबित हैं, उन्हें पुरस्कार के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। चयन प्रक्रिया में शिक्षकों के लिए शैक्षणिक दक्षता, आऊटरीच गतिविधियां, अनुसंधान एवं नवाचार, जबकि प्राचार्यों के लिए नेतृत्व क्षमता, संस्थागत विकास, छात्र-शिक्षक विकास और प्रशासनिक प्रबंधन को प्रमुख आधार बनाया गया है। अंतिम चयन स्पॉट मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार के बाद किया जाएगा।

स्कूल शिक्षकों से भी जल्द मांगे जाएंगे आवेदन
स्कूल शिक्षा विभाग भी राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए जल्द ही पात्र शिक्षकों से आवेदन लेने जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस हफ्ते विभाग की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी हो सकते है। हालांकि विभाग इस दौरान संबंधित नियमों में संशोधन करने जा रहा है। गौर हो कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए भी केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने आवेदन लेना शुरू कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News