Shimla: विजीलैंस ने विधायक सुधीर शर्मा से मांगे 70 लाख की राशि के स्रोत और दस्तावेज

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 07:03 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विजीलैंस थाना धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर के सिलसिले में ब्यूरो ने विधायक को आधिकारिक नोटिस जारी कर वीरवार सुबह 11 बजे विजीलैंस थाना धर्मशाला में जांच अधिकारी के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर छानबीन में शामिल होने को कहा है।

विजीलैंस ब्यूरो द्वारा की गई प्रारंभिक जांच के दौरान कई वित्तीय आंकड़े अपूर्ण और असत्यापित पाए गए हैं। ऐसे में मामले की विस्तृत जांच के लिए विजीलैंस ने विधायक को उपस्थिति के समय कई दस्तावेज और रिकॉर्ड साथ लाने को कहा है। इसके तहत विजीलैंस ने विधायक को वर्ष 2015-16 की आयकर रिटर्न में अन्य स्रोतों से आय के तहत घोषित 70,84,858 रुपए की सच्चाई और स्रोत साबित करने के लिए पूर्ण डिमैट अकाऊंट स्टेटमैंट, ब्रोकर कॉन्ट्रैक्ट नोट्स, खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड तथा बैंक लेनदेन के दस्तावेज साथ लाने को कहा है।

नोटिस में वर्ष 2015-16 के आयकर विवरण में भूमि की बिक्री से प्राप्त बताई गई 74,07,000 रुपए की राशि का भी रिकॉर्ड मांगा गया है। साथ ही जांच अवधि के दौरान सुधीर शर्मा या उनकी ओर से भारत अथवा विदेश में रखे गए किसी अन्य अघोषित निवेश, बैंक खाते, लॉकर अथवा वित्तीय संपत्ति का पूरा विवरण भी मांगा गया है।

इसके अलावा जांच अवधि के दौरान लिए गए ऋण, अग्रिम राशि और अन्य वित्तीय लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध करवाने को कहा है। नोटिस के अनुसार सुधीर शर्मा को अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की सभी चल और अचल संपत्तियों की पूरी जानकारी लिखित घोषणा के रूप में देनी होगी। इसमें पत्नी, आश्रित और गैर-आश्रित बच्चे तथा ऐसे अन्य परिवार के सदस्य शामिल हैं, जिनके नाम पर उनके द्वारा पर कोई संपत्ति खरीदी या रखी गई हो।

इसके साथ ही भारत या विदेश में मौजूद भूमि, भवन, बैंक खाते, सावधि जमा, शेयर, प्रतिभूतियां, म्यूचुअल फंड, बीमा पॉलिसियां, वाहन, आभूषण और अन्य संपत्तियों का विवरण देना होगा। नोटिस में ये भी स्पष्ट किया गया है कि यदि सुधीर शर्मा निर्धारित समय पर जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित नहीं होते या मांगी गई जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाते हैं तो उन्हें कानून के अनुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

विजीलैंस ने विधायक से गांव रक्कड़, तहसील धर्मशाला में स्थित बहुमंजिला आवासीय मकान के निर्माण से संबंधित सभी दस्तावेज भी मांगे हैं। मकान के निर्माण से संबंधित बिल और भुगतान पर्चियां प्रस्तुत करने के साथ-साथ निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों के नाम, पूरा पता और संपर्क विवरण भी मांगा है।

वाहनों की खरीद और बैंक लेनदेन की भी होगी जांच
जांच अवधि के दौरान सुधीर शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा खरीदे गए सभी वाहनों से संबंधित रिकॉर्ड भी मांगा गया है। इसमें वाहनों की खरीद का पूरा विवरण, खरीद संबंधी दस्तावेज, ऋण अथवा वित्तीय सहायता से जुड़े कागजात, ऋण चुकाने का कार्यक्रम और संबंधित बैंक लेनदेन शामिल हैं।

अन्य लोगों की भूमिका की भी होगी जांच
जांच के दौरान संपत्तियों के अधिग्रहण से जुड़े किसी सह-षड्यंत्रकारी, मददगार, सहयोगी, मध्यस्थ या लाभार्थी की भूमिका सामने आती है तो उसकी भी जांच की जा सकती है। नोटिस की प्रतियां सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो उत्तरी क्षेत्र, धर्मशाला के पुलिस अधीक्षक को भी प्रेषित की गई है।

विधायक ने किया स्पष्ट, 18 को होंगे जांच में शामिल
सूचना के अनुसार विधायक ने विजीलैंस द्वारा जारी नोटिस का जवाब भी दिया है। इसके तहत उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह पहले से तय एक राजनीति कार्यक्रम के तहत 13 अगस्त को धर्मशाला में उपलब्ध नहीं रहेंगे। ऐसे में सूचित किया गया है कि वह 18 अगस्त को जांच में शामिल होंगे और पूरा सहयोग करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep