Shimla: नगर निगम की कार्रवाई के दौरान घायल रेहड़ी-फड़ी संचालक की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 08:08 PM (IST)

शिमला (संतोष): शिमला में नगर निगम की कार्रवाई के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए रेहड़ी-फड़ी संचालक चंदन ने इलाज के दौरान आईजीएमसी में दम तोड़ दिया। इसके बाद सीटू व अन्य संगठनों में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश है। चंदन कुछ दिनों से आईजीएमसी के आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था। मूल रूप से समस्तीपुर (बिहार) का रहने वाला चंदन सड़क किनारे सामान बेचकर आजीविका चलाता था। जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों शिमला नगर निगम की टीम अवैध तहबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान अपना सामान बचाने की आपाधापी में चंदन ऊपर की सड़क से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं।

उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां बुधवार को उसकी मृत्यु हो गई। सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस घटना को लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ रेहड़ी-फड़ी संचालकों में आक्रोश है। अस्पताल परिसर में सीटू के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, विवेक कश्यप, अमित और गदर फ्रंट के संयोजक रवि कुमार दलित सहित तहबाजारी यूनियन के करीब 25 से 30 लोग एकत्रित हुए। हालांकि स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।

सीटू की मांग, गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज हो और मिले मुआवजा : मेहरा
घटना पर रोष प्रकट करते हुए सिटू के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने नगर निगम प्रशासन और पुलिस प्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि पुलिस इस पूरे मामले में नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करे। नगर निगम प्रशासन मृतक चंदन के पीड़ित परिवार को तुरंत उचित मुआवजा प्रदान करे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों को तुरंत स्वीकार नहीं किया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शहर के समस्त रेहड़ी-फड़ी संचालक और उनसे जुड़े संगठन गुरुवार को डीसी कार्यालय शिमला के बाहर उग्र धरना-प्रदर्शन व हड़ताल करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News