129 सड़कें, 587 ट्रांसफार्मर, 77 पेयजल योजनाएं की बहाल, यैलो अलर्ट जारी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 05, 2024 - 08:54 PM (IST)

शिमला (संतोष): प्रदेश में भारी बर्फबारी व बारिश के बाद दुश्वारियां जारी हैं। एक बार फिर से मौसम करवट बदलेगा और गुरुवार को फिर से एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बर्फबारी, वर्षा व ओलावृष्टि सहित हिमस्खलन का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। खासतौर पर चंबा, किन्नौर व लाहौल-स्पीति के अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन की संभावनाएं हैं। ऐसे में लोगों सहित पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों व मशीनरी के माध्यम से 129 सड़कों, 587 बिजली ट्रांसफार्मरों और 77 पेयजल योजनाओं को बहाल किया गया है। अब राज्य में 5 एन.एच., 472 सड़कें, 849 बिजली ट्रांसफार्मर और 47 पेयजल योजनाएं ही ठप्प चली हुई हैं। नैशनल हाईवे में किन्नौर जिले में निगुलसरी और स्पीलो में पहाड़ी से पत्थर गिरने, कुल्लू जिले में एन.एच.-03 रोहतांग पास सोलंग नाला से अटल टनल, एन.एच.-305 जलोड़ी जोत, लाहौल-स्पीति में एन.एच.-505 ग्रांफू से लोसर और एन.एच.-003 समधो से लोसर व दारचा-सरचू के पास भारी बर्फबारी के कारण बंद हैं।

12 लोगों की हुई मौत, 23 घायल, 1.70 करोड़ का हुआ नुक्सान
प्रदेश में मात्र 5 दिनों के भीतर 12 लोगों की मौत हुई है और 23 लोग घायल हुए हैं। भूस्खलन से 2, आग की घटना में 1, पहाड़ी से गिरने से 3, अन्य कारण से 1 और 5 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। प्रदेश को 1 से 5 मार्च तक 1.70 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। कच्चे-पक्के 74 मकानों को क्षति पहुंची है, वहीं 18 गौशालाओं को भी नुक्सान हुआ है।

भूकंप से फिर हिली हिमाचल की धरती
एक बार फिर से हिमाचल में भूकंप के झटके महसूस किए गए। मंडी में आए भूकंप के झटके की रिएक्टर स्केल पर तीव्रता 3.2 आंकी गई। यहां 2 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। जमीन के भीतर इसकी गहराई 5 किलोमीटर तक रही। भूकंप से अभी तक किसी तरह के नुक्सान की सूचना नहीं है लेकिन इसके झटके बिलासपुर और कुल्लू में भी महसूस किए गए। इससे पहले मंगलवार दोपहर में लाहौल-स्पीति में भी हल्के झटके महसूस किए गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News