Shimla: प्रदेश का दौरा कर कार्यकर्त्ताओं से सीधा संवाद करेंगी प्रतिभा सिंह
punjabkesari.in Sunday, Mar 16, 2025 - 05:18 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस के पुनर्गठन की जारी प्रक्रिया के बीच पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगी। इसको लेकर पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। प्रतिभा सिंह पार्टी कार्यकर्त्ताओं में नए जोश का संचार करने के साथ ही विपक्ष के किसी भी दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पार्टी कार्यकर्त्ताओं से सीधा संवाद करेंगी। साथ ही सभी जिला व ब्लॉक नेताओं के साथ बैठक करेंगी तथा संगठन की मजबूती के लिए भी सभी से सुझाव लिए जाएंगे। तय शैड्यूल के अनुसार पहले चरण में प्रतिभा सिंह 19 से 22 मार्च तक मंडी जिला के दौरे पर रहेंगी।
इस दौरान वह पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं से बैठकें कर संगठन से जुडे़ मुद्दों पर भी चर्चा करेंगी। प्रतिभा सिंह 19 मार्च को सुंदरनगर में निजी कार्यक्रम में शामिल होंगी, 20 मार्च को प्रतिभा वह मंडी सदर, द्रंग, जोगिंद्रनगर, सराज व बल्ह विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक करेंगी। 21 मार्च को सुंदरनगर, नाचन, सरकाघाट, धर्मपुर व करसोग विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं व कार्यकर्त्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसी तरह 22 मार्च को प्रतिभा सिंह नाचन में एक वार्षिक पारितोषिक में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। इसके उपरांत शिमला लौट आएंगी। इसके बाद उनका अन्य जिलों के दौरे का शैड्यूल जारी होगा।
कार्यकर्त्ता पार्टी की रीढ़ : प्रतिभा सिंह
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि किसी भी संगठन में कार्यकर्त्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और उन्हें मजबूत करना, उनकी समस्याओं को सुनना और उन्हें दूर करना पार्टी अध्यक्ष के नाते उनका प्रमुख दायित्व है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगी।