प्रदेश में हिमस्खलन, भूस्खलन से सड़कें बंद, 6 और 7 को फिर रहेगा यैलो अलर्ट

punjabkesari.in Monday, Mar 04, 2024 - 10:31 PM (IST)

शिमला (संतोष): प्रदेश में रैड और यैलो अलर्ट के बीच आंधी तूफान के साथ हुई भारी बर्फबारी व बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन, भूस्खलन की घटनाओं से एन.एच. सहित सड़कें बहकर अवरुद्ध हो गई हैं। किन्नौर जिले की निचार तहसील के तहत निगुलसरी सैक्टर-26 में पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक 27 वर्षीय व्यक्ति मदन पुत्र कृष्ण लाल निवासी कुल्लू की मौत हो गई है। पहली से 4 मार्च तक प्री-मानसून सीजन में अब तक 7 लोगों की मौत और 14 लोग घायल हो चुके हैं और 1.48 करोड़ रुपए की संपत्ति को नुक्सान हो चुका है। सोमवार सुबह 10 बजे तक प्रदेश में 4 नैशनल हाईवेज और 654 सड़कें बंद रहीं, जबकि 1,655 बिजली ट्रांसफार्मर और 145 पेयजल योजनाएं ठप्प रहीं, लेकिन शाम तक विभागीय मशीनरी व कर्मचारियों ने कई सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया है, जबकि बिजली ट्रांसफार्मर व पेयजल योजनाएं भी दुरूस्त की हैु। सोमवार शाम 6 बजे तक प्रदेश में 5 एन.एच. और 601 सड़कें बंद रहीं, जबकि 1,436 ट्रांसफार्मर और 124 पेयजल योजनाएं ठप्प रहीं।

कोकसर में हुआ 40 सैंटीमीटर ताजा हिमपात
प्रदेश में पिछले 24 घंटों में ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और वर्षा हुई है। इसमें कोकसर में 40, गोंदला में 32.7, कोठी में 27, केलांग में 21, कुफरी में 5 व कल्पा में 5 सैंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। मनाली में 6, तीसा में 5, पांवटा में 4, बिलासपुर, कटौला, चुवाड़ी, जोगिंद्रनगर, छतराड़ी में 3, अघार, गोहर, सलूणी, शिलारू, बिलासपुर सदर व भोरंज में 2 सैंटीमीटर वर्षा हुई है। सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्के बादलों के साथ धूप खिली रही। ऊना में अधिकतम तापमान 22 डिग्री, शिमला में 10.4 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 11.2, शिमला में माइनस 0.1 डिग्री रहा। प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस में चला हुआ है, जिसमें शिमला सहित कल्पा, केलांग, मनाली, कुफरी, कुकुमसेरी व नारकंडा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे माइनस में चला हुआ है।

आज साफ, कल से रहेगा यैलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. सुरेंद्र पाल ने कहा कि 5 मार्च से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते 6 व 7 मार्च को गरज के साथ बिजली चमकेगी और 1-2 स्थानों पर बर्फबारी व बारिश का यैलो अलर्ट रहेगा। इसमें चम्बा, किन्नौर व लाहौल-स्पीति जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हिमस्खलन की संभावनाएं हैं। मंगलवार को मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क व साफ रहेगा, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में 1-2 स्थानों पर हिमपात व वर्षा हो सकती है। 8 व 9 मार्च को मौसम पूरी तरह से साफ व शुष्क बना रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News