Shimla: जल्द शुरू की जाए शास्त्री के 206 पदों पर बैचवाइज भर्ती
punjabkesari.in Tuesday, Dec 16, 2025 - 05:30 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश में वर्ष 2021 से शास्त्री पदों पर भर्ती नही हुई है। ऐसे में सरकारी स्कूलों में शास्त्री के लगभग 2 हजार से अधिक पद खाली चल रहे हैं। हालांकि सरकार ने इस बार शास्त्री के लगभग 400 पदों को भरने का फैसला लिया है। इसमें 206 पद बैचवाइज भरे जाएंगे, जबकि शेष पदों को राज्य चयन आयोग से भरा जाएगा। ऐसे में शास्त्री के 206 पदों को बैचवाइज भर्ती से जल्द भरने की मांग आदर्श स्वाभिमान हिमाचल के पदाधिकारियों ने सरकार से की है। मंगलवार को आदर्श स्वाभिमान हिमाचल के अध्यक्ष डा. संजीव शर्मा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली से मिला। इससे पूर्व सोमवार को पदाधिकारियों ने शिक्षा सचिव को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पदाधिकारियों ने निदेशक को अवगत करवाया कि स्कूलों में बीते 4 वर्षों से उक्त पदों को नहीं भरा गया है, जिससे बच्चे संस्कृत विषय नहीं पढ़ पा रहे हैं और इसके लिए प्राइवेट स्कूलों का रुख कर रहे हैं। संघ के अध्यक्ष सहित उपाध्यक्ष आचार्य मुकेश कुमार और महासचिव आचार्य सागर ने शिक्षा निदेशक से उक्त पदों को अगला सैशन शुरू होने से पहले भरने की मांग की है, ताकि स्कूलों में इनरोलमैंट बढ़ सके। पदाधिकारियों ने कहा है कि सरकार ने वर्ष 2021 में शास्त्री पदों पर नियुक्तियां 2012 के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों व एनसीटीई के संशोधित नियमों के तहत की गई थीं।

