Shimla: संजौली में अवैध मस्जिद को तोड़ने का काम शुरू, वक्फ बोर्ड से मिली अनुमति

punjabkesari.in Monday, Oct 21, 2024 - 08:11 PM (IST)

शिमला (अम्बादत): वक्फ बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद सोमवार से मस्जिद कमेटी ने राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में हुए अवैध निर्माण को तोड़ने का काम पुलिस जवानों की मौजूदगी में शुरू कर दिया है। पहले चरण में अवैध निर्माण की छत को तोड़ने का कार्य प्रारंभ किया गया। उसके बाद निचले हिस्से को तोड़ा जाएगा। बता दें कि एम.सी. कमिश्नर कोर्ट ने 5 अक्तूबर को मस्जिद कमेटी को 2 माह के भीतर मस्जिद की 3 मंजिलों को तोड़ने के निर्देश दिए थे। नगर निगम कोर्ट के आदेश मिलने के बाद 15 अक्तूबर को मस्जिद कमेटी ने वक्फ बोर्ड को पत्र लिखकर इस अवैध निर्माण को हटाने की अनुमति मांगी थी।

मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद लतीफ ने कहा कि कोर्ट के आदेशों के बाद आज से यह मस्जिद तोड़ने की शुरूआत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस अवैध निर्माण को मस्जिद कमेटी अपने खर्चे से तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि पैसे की कमी है, फंड जुटाने के लिए समय लग जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम से इसे तोड़ने की समयावधि बढ़ाने की मांग करेंगे। नगर निगम कोर्ट द्वारा 2 महीने का समय दिया गया है और मस्जिद की तीन मंजिलों को तोड़ा जाएगा। बता दें कि नगर निगम कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई 21 दिसम्बर को है।

अवैध मस्जिद तोड़ने का कार्य शुरू होना स्थानीय लोगों व सनातन समाज की जीत : देवभूमि संघर्ष समिति
हिमाचल देवभूमि संघर्ष समिति के संयोजक भारत भूषण ने संजौली की अवैध मस्जिद को तोड़ने का कार्य शुरू करने का स्वागत किया है। देवभूमि संघर्ष समिति ने इसको सनातन समाज की बड़ी जीत बताया है। संघर्ष समिति ने कहा है कि वह भविष्य में भी इस तरह के अवैध कब्जों को हटाने की लड़ाई लड़ती रहेगी। संघर्ष समिति के संयोजक ने प्रदेश के सभी लोगों का आह्वान किया है कि वे इस तरह के अवैध निर्माण और गतिविधियों को लेकर बेहद सतर्क रहें। उन्होंने मुस्लिम समाज के संगठनों से भी अपील की कि वे इस तरह के मामलों को लेकर स्वयं भी जागरूक रहें। भारत भूषण ने प्रशासन से अपील की है कि वह अवैध मस्जिद मामले में आंदोलन लड़ने वालों पर दर्ज एफ.आई.आर. वापस ले। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने इन लोगों को बेवजह प्रताड़ित किया तो संघर्ष समिति आंदोलन करने पर मजबूर होगी।

हिमाचल प्रदेश पहला ऐसा राज्य जिसने आपसी भाईचारे की मिसाल की कायम : सुक्खू
उपनगर संजौली में मस्जिद की अवैध रूप से बनी तीन मंजिलों को गिराने का काम शुरू होने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश में हिमाचल प्रदेश पहला ऐसा राज्य है जिसने आपसी भाईचारे की मिसाल कायम की है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मस्जिद के अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए मुस्लिम पक्ष स्वयं ही आगे आया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से किसी तरह का कोई विरोध नहीं हुआ।

कानूनी प्रक्रिया के तहत तोड़ा जा रहा : विक्रमादित्य सिंह
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि एमसी कोर्ट में संजौली मस्जिद कमेटी ने कहा था कि हम खुद इस अवैध मस्जिद को तोड़ेंगे। इसके तहत तोड़ने का काम शुरू हुआ है। प्रदेश में आपसी भाईचारा बना रहना चाहिए। हिमाचल प्रदेश शांतिप्रिय प्रदेश है। उन्हें अगर तोड़ने के लिए अधिक समय चाहिए तो वो कोर्ट से मांग सकते हैैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News