अवकाश वाले दिन राजभवन और सचिवालय पहुंचे मुख्यमंत्री, बंद कमरे में हुई मंत्रणा

punjabkesari.in Sunday, Aug 11, 2024 - 08:59 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को राजभवन जाकर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मिले। इसके साथ ही अवकाश वाले दिन वह सचिवालय भी पहुंचे। सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को हाल में प्रदेश में प्राकृतिक आपदा और बाढ़ से हुए नुक्सान की जानकारी दी। साथ ही सरकार द्वारा राहत कार्यों के लिए उठाए गए कदमों से भी अवगत करवाया। करीब साढ़े 4 बजे मुख्यमंत्री सुक्खू सचिवालय से निकलकर राजभवन पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने शिमला जिले के समेज में बाढ़ में दबे लोगों को निकालने के लिए किए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद बंद कमरे में दोनों के बीच में मंत्रणा हुई। ऐसा माना जा रहा है कि पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति की स्थायी नियुक्ति का रास्ता भी जल्द निकल सकता है। सूचना के अनुसार कृषि विश्वविद्यालय के एक व्यक्ति द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। इस याचिका के संदर्भ में सरकार की ओर से दिए जा रहे जवाब से राजभवन को अवगत करवाया गया है, क्योंकि इस बैठक में प्रदेश सरकार के विधि सचिव एसके लंगवाल भी मौजूद रहे।

पिछले दिनों स्वयं राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा था कि राजभवन चाहता है कि उच्च न्यायालय से मामले का निपटारा होते ही कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति की नियुक्ति करना प्राथमिकता में शामिल है। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में कुलपति पद के लिए 100 आवेदन प्राप्त हैं, लेकिन मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की अध्यक्षता में दूसरी बैठक आयोजित नहीं हो पाई है। कुलपति पद के लिए बैठक आयोजित होने पर राजभवन को आए आवेदकों के नामों में से 5 नाम चयनित करके भेजने की प्रक्रिया होनी है। अवकाश का दिन होने के बावजूद रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दोपहर 3 बजे सचिवालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कई अहम फाइलों काे निपटाया। 8 बजे सचिवालय से सरकारी आवास ओक ओवर के लिए निकले। इस दौरान सीएम के सचिव राकेश कंवर सचिवालय में मौजूद रहे।

अधिकारियों से लिया अपडेट, दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने सचिवालय से प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश से हुए नुक्सान का भी पूरा अपडेट लिया। साथ ही राहत, पुनर्वास एवं बचाव कार्यों को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए। साथ ही ऐसे क्षेत्रों व नदी-नाले जहां भूस्खलन व बाढ़ को खतरा अंदेशा है, वहां पूरी निगरानी बरती जाए तथा लोगों का वहां जाने से रोका जाए ताकि जानी नुक्सान से बचा जा सके।

प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी सरकार
वहीं सीएम सुक्खू ने पंजाब के जेजों क्षेत्र में बाढ़ के कारण ऊना जिले के देहलां के 9 व्यक्तियों की मौत की दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है। सीएम सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है तथा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इस संबंध में ऊना के जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।

3 वर्ष से एक स्थान पर डटे मुलाजिम बदले जाएंगे
प्रदेश सरकार ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले करेगी जो बीते 3 वर्ष से एक ही स्थान पर डटे हुए हैं। इस संबंध में सभी विभागों से पूरी डिटेल मांगी गई है। ऐसे में आने वाले समय में बड़े स्तर पर फेरबदल संभव है। वहीं कुछ जिलों के डीसी व एसपी भी बदले जा सकते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News