4 दिन बारिश व बर्फबारी की संभावना, अंधड़ चलने का यैलो अलर्ट जारी

punjabkesari.in Monday, Apr 11, 2022 - 08:42 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में भीषण गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने आगामी 4 दिन प्रदेश में बारिश व बर्फ बारी की संभावना जताई है। इसके साथ ही मैदानी व मध्य पर्वतीय जिलों में 12 और 13 अप्रैल के लिए अंधड़ चलने का यैलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मौसम में परिवर्तन आने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी। प्रदेश में पिछले करीब 40 दिनों से बादलों के न बरसने से गर्मी अपने चरम पर है। मैदानी इलाकों में जहां पारा 40 डिग्री पहुंच गया है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी पड़ रही है। शिमला समेत हिल स्टेशनों पर तापमान में बढ़ौतरी जारी है। राजधानी शिमला में सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री पहुंच गया। 

न्यूनतम व अधिकतम तापमान में नहीं कोई बदलाव
पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ और औसत न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। ऊना 39.9 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थल बना हुआ है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री, हमीरपुर 36.8, कांगड़ा 36.7, सुंदरनगर 36.3, भुंतर 35, धर्मशाला 34, सोलन व चम्बा में 34.8, शिमला 27.2 डिग्री, डल्हौजी 25 डिग्री और केलांग में 18.7 डिग्री दर्ज किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News