Shimla: साइबर बैज से सम्मानित होंगे प्रदेश के 10 पुलिस जवान

punjabkesari.in Tuesday, Oct 08, 2024 - 06:51 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा 10 जवानों को साइबर बैज से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 1 हैडकांस्टेबल और 9 कांस्टेबल शामिल हैं। वर्ष 2023 में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुलिस मुख्यालय की तरफ से यह सम्मान दिया जाएगा। साइबर बैज के लिए चुने गए जवानों में हैडकांस्टेबल आजाद सिंह जिला कांगड़ा के साथ ही कांस्टेबल हेमंत कुमार पुलिस जिला बद्दी, विशाल पटियाल सीआईडी साइबर क्राइम धर्मशाला, आरती देवी सीआईडी साइबर क्राइम मंडी, अमरेंद्र सिंह जिला सिरमौर, चंद्र प्रकाश जिला किन्नौर, शुभम चौहान जिला लाहौल-स्पीति, प्रदीप सिंह जिला चम्बा, जगदीश कुमार जिला सोलन और कांस्टेबल रितिश कुमार प्रथम हिमाचल प्रदेश पुलिस सशस्त्र वाहिनी जुन्गा शामिल हैं।

साइबर बैज के लिए गठित समिति की सिफारिशों पर पुलिस मुख्यालय की तरफ से निर्णय लिया गया है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक डा. अतुल वर्मा की तरफ से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। वहीं देखा जाए तो बढ़ते इंटरनैट के इस्तेमाल ने जहां लोगों की जिंदगी को आसान बनाया है वहीं धोखाधड़ी के मामलों में भी तेजी से बढ़ौतरी हुई है। पहाड़ी राज्य हिमाचल भी इससे अछूता नहीं है। ऐसे में साइबर पुलिस समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर लोगों को जागरूक भी कर रही है। इसके साथ ही बढ़ते मामलों से निपटने के लिए साइबर पुलिस को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए अलग से साइबर फोर्स की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।

ऐसी पहल करने वाला पहला राज्य
साइबर क्राइम पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए प्रदेश पुलिस विभाग हर वर्ष बेहतर कार्य करने वाले जवानों को साइबर बैज से सम्मानित करता है। यह बैज जवानों को साइबर अपराध के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने के लिए प्रेरित करता है। इससे उन्हें एक विशिष्ट पहचान भी मिलती है। इसके लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की गई है। हिमाचल ऐसा पहला राज्य है, जहां इस तरह की पहल की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News