शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, चंडीगढ़ से आपूर्तिकर्ता गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 10:49 AM (IST)
Shimla News: हिमाचल प्रदेश में शिमला जिला पुलिस ने एक लंबी जांच के बाद ‘चिट्टा' (हेरोइन) की आपूर्ति में शामिल एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और चंडीगढ़ से कथित मुख्य आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया है।
12.36 ग्राम हेरोइन बरामद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले में चलाए जा रहे विशेष मादक पदार्थ विरोधी अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा नियमित प्रवर्तन अभियानों के दौरान 12.36 ग्राम हेरोइन बरामद किए जाने के बाद, कुमारसैन पुलिस स्टेशन में 12 मार्च, 2026 को एफआईआर संख्या 20/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच के प्रारंभिक चरण में, पुलिस ने अवैध व्यापार में कथित रूप से शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के बाउंडा गांव के निवासी राहुल लारजू (27), रामपुर उपमंडल के ही धेउ गांव के निवासी शुभम खन्ना (31) और ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी विकास मिंज (26) के रूप में हुई।
चंडीगढ़ से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आगे की जांच आपूर्ति श्रृंखला के पिछले हिस्से का पता लगाने पर केंद्रित थी, जिसके परिणामस्वरूप जांचकर्ताओं को मादक पदार्थों के कथित स्रोत तक पहुंचने में मदद मिली। जांच में पता चला कि मादक पदार्थों की आपूर्ति चंडीगढ़ के मौली जागरण कॉम्प्लेक्स निवासी स्वर्गीय रामकेश के पुत्र संजय उर्फ ‘गांजी' द्वारा की जा रही थी। सूचना के आधार पर शिमला जिला पुलिस की एक टीम ने चंडीगढ़ में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसे अंतरराज्यीय मादक पदार्थों के नेटवर्क की एक प्रमुख कड़ी माना जा रहा है।
पुलिस ने कहा कि मुख्य आपूर्तिकर्ता की गिरफ्तारी से राज्यों में चल रहे व्यापक मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने दोहराया कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खतरे को रोकने और युवाओं को इसके हानिकारक प्रभावों से बचाने के लिए मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान और भी अधिक तीव्रता से जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों आग्रह किया कि वे मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी अवैध गतिविधि के बारे में पुलिस के साथ जानकारी साझा करें ताकि समाज से मादक पदार्थों के खतरे को खत्म करने में मदद मिल सके।

