अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले हिमाचल के खिलाड़ियों की बढ़ेगी ईनाम राशि

punjabkesari.in Monday, Feb 12, 2024 - 07:01 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले व विभिन्न स्पर्धाओं में जीत दर्ज करने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाली ईनाम राशि में वृद्धि होगी। इसको लेकर प्रदेश सरकार ने प्रारूप तैयार करना शुरू कर दिया है। प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से इस दिशा में कार्य किया जा रहा है और इस पर दस्तावेज तैयार होने के बाद इसे लागू किया जाएगा। इसके अलावा हिमाचल में खिलाड़ियों को उच्च स्तर के उपकरण व सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। आगामी 14 फरवरी से बजट सत्र शुरू होने जा रहा है और इस सत्र के दौरान हिमाचल प्रदेश की नई खेल नीति को लेकर घोषणा हो सकती है। खेल नीति में विशेष तौर पर हिमाचल को एथलैटिक्स कौशल केंद्र के रूप में विकसित किए जाने पर बल दिया जाएगा। बता दें कि प्रदेश में कई प्रतिभावान खिलाड़ी हैं और कई खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, लेकिन अन्य राज्यों की तुलना में हिमाचल में खेल के क्षेत्र में आधारभूत ढांचा और विकसित करने की जरूरत है।

हि.प्र. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि प्रदेश सरकार जल्द खेल नीति लाने जा रही है। खेल नीति का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खेल ढांचा व अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए नई खेल नीति सरकार तैयार कर रही है। प्रस्तावित खेल नीति के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि मेें उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News