Shimla: नरेंद्र मोदी ने बनाया इतिहास, सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले जननेता : बिंदल

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 07:23 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 8931 दिन सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में पूर्ण करने पर शुभकामनाएं देते हुए इन्हें जन सेवा को समर्पित दिन करार दिया। शिमला से जारी बयान में डा. बिंदल ने कहा कि नरेंद्र मोदी का मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात में कार्यकाल देश के सभी राज्यों के लिए अनुकरणीय रहा है। उन्होंने यह साबित किया कि विकास को राजनीति का आधार बनाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने स्वयं को प्रधानसेवक के रूप में प्रस्तुत कर देश की राजनीति को एक नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज भारत आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक रूप से मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने में मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

डा. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 8931 दिनों का यह सफर केवल शासन का नहीं, बल्कि जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र आज पूरे देश में क्रियाशील है और यही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा सत्य, निष्ठा और सेवा के मार्ग पर चलते हुए देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उनका यह ऐतिहासिक कार्यकाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News