विधानसभा-प्रश्नकाल: शराब तस्करी के 264 मामले व चिट्टे के 2,592 मामले दर्ज
punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 10:17 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक डा. हंसराज, इंद्रदत्त लखनपाल, सुधीर शर्मा, त्रिलोक जम्वाल व रणधीर शर्मा की तरफ से पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि प्रदेश में वर्ष 2025-26 में शराब तस्करी के 264 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 88 मामलों में जुर्माना किया गया है, जबकि 6 में एफआईआर दर्ज की गई है। मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशाखोरी से संबंधित 4,972 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 85 मामलों में अभियुक्त दोषी ठहराए गए हैं। उन्होंने विधायक दीपराज की तरफ से पूछे एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि आईजीएमसी व केएनएच में गत वर्ष के दौरान किसी भी मरीज की मृत्यु चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक त्रिलोक जम्वाल की तरफ से पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि प्रदेश में गत 3 वर्षों में चिट्टे के 2,592 मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने विधायक केवल सिंह पठानिया की तरफ से पूछे एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि पुलिस विभाग में श्रेणी 1 से 4 तक कुल 20,417 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 3,897 खाली हैं। उन्होंने विधायक लोकेंद्र कुमार की तरफ से पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि एनपीएस और ओपीएस के महंगाई भत्ते में अंतर है। उन्होंने कहा कि एनपीएस कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता देने के आदेश जारी किए गए हैं।
35,687 महिलाओं को मिला इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि का लाभ
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. धनीराम शांडिल ने कहा है कि 35,687 महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि का लाभ मिला है। उन्होंने यह जानकारी विधायक सुरेंद्र शौरी और डा. जनक राज की तरफ से पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
एचआरटीसी के पास 3,087 बसें
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधायक विपिन सिंह परमार की तरफ से पूछे प्रश्न के लिखित उत्तर में जानकारी दी कि एचआरटीसी के पास 3,087 बसें उपलब्ध हैं।