Shimla News: एचआरटीसी चालकों-परिचालकों को नहीं मिला 55 महीने का ओवरटाइम

punjabkesari.in Tuesday, Jul 23, 2024 - 10:17 PM (IST)

शिमला (राजेश): भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस जिला शिमला सहित प्रदेश भर में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ से संबंधित संगठन हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने रामपुर एचआरटीसी कर्मशाला में संघ का ध्वज फ हराकर मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। इस मौके पर हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई 1955 को भोपाल में हुई थी। यह संगठन जीरो से शुरू होकर हमेशा राष्ट्रहित, उद्योग हित एवं कर्मचारी हित में कार्य करते हुए आज विश्व का एक सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल परिवहन मजदूर संघ भी हमेशा इसी रीति-नीति से परिवहन के क्षेत्र में कार्य करता रहा है और पिछले लंबे समय से परिवहन क्षेत्र में परिवहन के कर्मचारियों के लंबित देय भत्तों व अन्य कई समस्याओं को सरकार व प्रबंधन के समक्ष उठाता रहा है। इस मौके पर संघ ने निगम प्रबंधन से मांग की कि छठे वेतनमान में आई परिवहन कर्मचारियों की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए, चालकों व परिचालकों के लगभग 55 महीने के ओवरटाइम का भुगतान नए वेतनमान के आधार पर एकमुश्त किया जाए। इसके अतिरिक्त एरियर की पहली किस्त 50000 व बाकी बची राशि का तुरंत भुगतान किया जाए।

कर्मशालाओं में कलपुर्जों की कमी
इस मौके पर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मशाला में कलपुर्जों व कर्मचारियों की बहुत कमी है जिस वजह से परिवहन निगम की मुरम्मत का कार्य अस्त-व्यस्त हो चुका है। पूरे प्रदेश में लगभग 1500 के करीब कर्मचारी ऐसे हैं जो या तो नाममात्र का कार्य करते हैं या राजनीतिक पहुंच के चलते अपने पद पर काम ही नहीं करते। उन्हें तुरंत अपने पद पर कार्य करने के लिए लगाया जाए। कर्मचारियों की ड्यूटी का आकलन आर.टी.ओ. के द्वारा निर्धारित समय सारिणी के अनुरूप किया जाए क्योंकि परिवहन निगम किसी भी समय सारिणी को निर्धारित करने के लिए अधिकृत नहीं है जिससे कि चालक- परिचालक मानसिक रूप से बहुत परेशान हैं और उनमें भारी रोष है।

संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं से किया जा रहा भेदभाव
इस मौके पर महामंत्री हरीश कुमार पराशर ने कहा कि पिछले कुछ समय से निगम प्रबंधन द्वारा हिमाचल परिवहन मजदूर संघ से संबंधित पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है, उन्हें दू दराज के क्षेत्र में स्थानांतरित किया जा रहा है और संघ को तोड़ने की साजिश रची जा रही है जिसको लेकर संघ के द्वारा एक मामला श्रम आयुक्त हिमाचल प्रदेश के समक्ष भी विचाराधीन है। इस उत्पीड़न को तुरंत बंद किया जाए और परिवहन कर्मचारियों की इन समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाए अन्यथा अब परिवहन कर्मचारियों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है और परिवहन मजदूर संघ अब संघर्ष की राह पर चलने के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर हिमाचल परिवहन मजदूर संघ रामपुर इकाई के प्रधान विवेक गौतम, सचिव संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष मदन लाल व अन्य कई पदाधिकारी व कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News