Shimla: एचपीयू में फीस वृद्धि के कारण कई कोर्सिज में एडमिशन के लिए आवेदनों मेें आई कमी : मुकेश
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 04:26 PM (IST)
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में फीस वृद्धि के कारण विभिन्न कोर्सिज में एडमिशन के लिए आवेदनों की संख्या मेें कमी आई है। विश्वविद्यालय के कई कोर्सिज में आवेदनों की संख्या में उम्मीद के मुताबिक नहीं आए हैं और इसके लिए एसएफआई ने विश्वविद्यालय में की गई फीस वृद्धि को इसका जिम्मेदार ठहराया है।
एसएफआई के विश्वविद्यालय इकाई सचिव मुकेश कुमार ने सोमवार को यहां जारी बयान में कहा कि बिना किसी व्यापक परामर्श और छात्रों के हितों को ध्यान में रखे बिना लागू की गई फीस वृद्धि का सीधा प्रभाव विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या पर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि आर्कियोलॉजी विषय में प्रवेश के लिए केवल 27 आवेदन आए हैं, जबकि डिफैंस स्टडीज में 16, सोशल वर्क में 19, विजुअल आर्ट्स में 18, एमटैक मेें 29 और एमएफए में केवल 16 आवेदन आए हैं। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि फीस वृद्धि ने उच्च शिक्षा को गरीब और वंचित तबकों के छात्रों की पहुंच से दूर कर दिया है।

