Shimla: हिमाचल में लगातार बढ़ रहे जंगल में आग के मामले
punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 06:18 PM (IST)
शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगल की आग के मामले भी बढ़ रहे हैं। जंगल की आग के वर्तमान सीजन में गत 43 दिन में करीब 258 मामले जंगल की आग के आ चुके हैं। इससे लगातार जहां जंगलों को नुक्सान हो रहा है, वहीं पर्यावरण को भी नुक्सान हो रहा है। वहीं राजधानी शिमला में भी गत कुछ दिन से रोज ही आग के मामले सामने आ रहे हैं तथा जंगलों से धुआं निकलते हुए देखा जा सकता है। राज्य में इस वर्ष 15 अप्रैल से जंगल की आग का सीजन शुरू हुआ है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगल की आग के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसने वन विभाग की परेशानी को बढ़ा दिया है। गत 43 दिन में राज्य में वन सर्कल मंडी में सबसे अधिक जंगल की आग के मामले सामने आए हैं।
यहां पर जंगल की आग के 83 मामले सामने आए। इसी तरह वन सर्कल बिलासपुर में 9, चम्बा में 8, धर्मशाला में 59, ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क कुल्लू में 2, हमीरपुर में 17, नाहन में 52, रामपुर में 1, शिमला में 13, सोलन में 10 तथा वाइल्ड लाइफ साऊथ में जंगल की आग के 4 मामले सामने आए हैं। उधर राजधानी शिमला की कच्ची घाटी के साथ लगते जंगल में वीरवार को आग लगी थी, जिसे वन विभाग व अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों व स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बुझाया। इसके अलावा देर रात को झंझीडी के जंगल में आग लगी थी।

