Shimla: हिमाचल की जनता ने नारे व सपने बेचने वाली भाजपा को सत्ता से बाहर किया : सुक्खू
punjabkesari.in Saturday, Apr 18, 2026 - 07:18 PM (IST)
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश में नारे व सपने बेचने वाली भाजपा को सत्ता से बाहर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनावी समय में 5,000 करोड़ रुपए की रेवड़ियां बांटी, लेकिन फिर भी कांग्रेस सत्ता में आई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कोलकाता में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव के समय ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग और एसआईआर को हथियार बनाकर अपने हितों को साधने का प्रयास करती है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने मनरेगा को बंद करने को लोगों के हितों से खिलबाड़ बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष में देश की जनता ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली को देख लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस अवधि के दौरान पश्चिम बंगाल के लिए कोई बड़ा प्रोजैक्ट नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस पार्टी ने इस बार 294 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पश्चिम बंगाल की जनता कांग्रेस को विकल्प के रूप में चुनेगी।
राजनीतिक लाभ लेने के लिए महिला आरक्षण बिल लाए
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में चुनाव से पहले राजनीतिक लाभ लेने के लिए महिला आरक्षण विधेयक को लाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर विपक्ष के साथ चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वास में ले सकती थी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में 33 फीसदी आरक्षण देने का प्रावधान किया।
कांग्रेस से गठजोड़ करने वालों ने धोखा किया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के साथ गठजोड़ करने वालों ने धोखा दिया। इस कारण कांग्रेस पार्टी पश्चिम बंगाल में अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि आज भी देश में कांग्रेस पार्टी मुख्य विपक्षी दल है।

