Shimla: हरी सं​ब्जियों के दाम गिरने से मिली थोड़ी राहत

punjabkesari.in Sunday, Aug 25, 2024 - 06:04 PM (IST)

शिमला (संतोष): काफी लंबे अंतराल के बाद मटर के दामों में गिरावट आई है। मटर अब 60 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है, वहीं टमाटर भी 40 रुपए प्रतिकिलो पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों से मटर व टमाटर के दामों में खासा उछाल आया था। हालांकि प्याज अभी भी 60 रुपए प्रतिकिलो बिक रहा है और पिछले करीब 4 माह से प्याज 50 रुपए प्रतिकिलो पर चल रहा था। पहाड़ी आलू 40 रुपए की दर पर टिका है। फ्रासबीन के दाम 80 रुपए पहुंच गए हैं, जबकि फूलगोभी, गाजर व चुकंदर के दाम 60 रुपए प्रति किलो चल रहे हैं। अब अधिकांश सब्जियों के दाम लोगों की पहुंच में आ गए हैं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। रविवार को सब्जी मंडी शिमला में लोभिया 50 रुपए, तोरी, भिंडी, करेला, बैंगन, शिमला मिर्च, पंडोल, पत्तागोभी व खीरा 40 रुपए तथा घीया 30 रुपए प्रतिकिलो की दर से बिका।

जन्माष्टमी को लेकर फलों और फ्रूट जूस की मांग
सब्जी मंडी में सब्जियों के अलावा फलों की खूब खरीददारी होती है, लेकिन पर्वों पर इसकी अधिक मात्रा में लोग खरीददारी करते हैं। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर रविवार को लोगों ने सब्जियों के साथ फलों की भी खूब खरीददारी की। यहां नाशपाती 100 रुपए, गोल्डन सेब 80, रॉयल सेब 100, मौसंबी 80 रुपए प्रति किलो, जबकि केला 70 रुपए प्रति दर्जन के हिसाब से बिका। उपनगरों में केला 80 से 100 रुपए प्रति दर्जन के हिसाब से बिका। इसके अलावा सब्जी मंडी में फ्रूट जूस और शेक का भी लोग खूब आनंद लेते हैं। गाजर जूस 30 रुपए, मैंगो जूस 100 रुपए, मौसंबी जूस 60 रुपए, किन्नू जूस 50 रुपए, मिक्स जूस 50 रुपए, ऑरैंज जूस 50 रुपए, पाइन एप्पल जूस 60 रुपए, नारियल पानी 100 रुपए, जबकि बनाना शेक, पपीता शेक व स्ट्राॅबेरी शेक 30 रुपए, चीकू व मैंगो शेक 40 रुपए प्रति गिलास की दर से बिका।

अब कुछ दिनों तक राहत देंगे सब्जियों के दाम: विशेषर
सब्जी मंडी शिमला के प्रधान विशेषर नाथ ने कहा कि इक्का-दुक्का सब्जियों के ही दाम थोड़े ऊंचे चल रहे हैं, जबकि अन्य सब्जियों के दाम अब लोगों की पहुंच में आ गए हैं। अभी कुछ दिनों इनके दाम लोगों को राहत देंगे, क्योंकि बरसात समाप्त होने के बाद स्थानीय और बाहरी राज्यों की मंडियों से सब्जियों की खेप पहुंचेगी, जिससे इनके दाम और कम होने की संभावनाएं हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News