कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज

Monday, Apr 15, 2024 - 09:18 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): कांग्रेस विधायक दल की बैठक मंगलवार यानी 16 अप्रैल को शिमला में होगी। सी.एम. सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी, साथ ही विधायकों को प्रचार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। हालांकि कांग्रेस ने राज्य में 6 सीटों पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव तथा 2 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, लेकिन पार्टी ने प्रचार शुरू कर दिया है। साथ ही चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है। इसको लेकर बैठकों का दौर जारी है। इस कड़ी में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कांग्रेस के सभी विधायकों सहित कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह मौजूद रहेंगी। बैठक में लोकसभा चुनाव तथा विधानसभा उपचुनाव के लिए विधायकों को जिम्मेदारियां दी जाएंगी, साथ ही विपक्षी दल भाजपा के आरोपों का उत्तर देने तथा उन पर जवाबी हमला करने को लेकर भी मंथन किया जाएगा, साथ ही प्रदेश कांग्रेस तथा पूर्व की यू.पी.ए. सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की जाएगी। उधर, सी.एम. के सरकारी आवास ओकओवर में सोमवार को भी बैठकों का दौर जारी रहा। सी.एम. सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी नेताओं के साथ चुनावों को लेकर बैठक की। इसमें चुनावों में विपक्ष द्वारा किए जा रहे हमलों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनसे निपटने को लेकर मंथन किया गया। इस दौरान बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, सी.पी.एस. संजय अवस्थी व अन्य नेता मौजूद रहे।

निष्कासन खत्म होने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह से समर्थकों सहित मिले परस राम
आनी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी रहे परस राम धीमान ने सोमवार को समर्थकों सहित मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। निष्कासन खत्म होने के बाद परस राम पहली बार मुख्यमंत्री से मिले। मुख्यमंत्री ने ओकओवर में परस राम व उनके समर्थकों को पटका पहनाकर कांग्रेस पार्टी में वापसी करवाई। समर्थकों के साथ मिलने पहुंचे परस राम के साथ कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पंकज परमार अध्यक्ष जिला परिषद कुल्लू, शेर सिंह ठाकुर पूर्व महासचिव डी.सी.सी. कुल्लू, पूरन वर्मा पूर्व उपाध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनी, कैलाश शर्मा पूर्व उपाध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनी व अन्य मौजूद रहे। इस दौरान बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, सी.पी.एस. संजय अवस्थी, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा भी उपस्थित रहे।

Content Writer

Kuldeep