कांग्रेस-आप समझ ले राज नहीं रिवाज बदल रहा है : नड्डा

punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 10:37 PM (IST)

शिमला/रामपुर/रोहड़ू, (ब्यूरो/नोगल/कुठियाला): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को अब समझ लेना चाहिए कि इस बार राज नहीं रिवाज बदलने जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा को मिल रहे समर्थन से इसका आभास विपक्षी दलों को भी हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा वह राजनीतिक दल है, जिसने स्त्री शक्ति को लेकर संकल्प पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसे पूरा करने के अलावा वह काम भी करती है, जो वायदे उसने किए भी नहीं थे।

  जगत प्रकाश नड्डा सोमवार को शिमला जिले के रामपुर, कोटखाई और रोहड़ू में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रेललाइन को लेह तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। इसके अलावा प्रदेश में विकास के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हर बार चुनाव के समय झूठे वायदे करके मतदाताओं को भटकाने का प्रयास करता है। उन्होंने दावा किया कि इस बार सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों की जमानत जब्त होगी। भाजपा के संकल्प पत्र में अगले 5 वर्षों के लिए हिमाचल प्रदेश के विकास का रोडमैप तैयार है।

मोदी ने लेह तक वाया रामपुर रेललाइन बिछाने की अनुमति दी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री रहते हुए रामपुर के लिए रेललाइन बिछाने की बात करते थे, लेकिन इस दिशा में कांग्रेस सरकार ने काम नहीं किया। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने लेह तक वाया रामपुर रेललाइन बिछाने की अनुमति दी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News