Shimla: मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिकों को दी बधाई, शिमला में पहला तारामंडल शीघ्र होगा क्रियाशील

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2024 - 10:10 PM (IST)

शिमला (संतोष): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर वैज्ञानिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के वैज्ञानिकों के समर्पण और ईमानदार प्रयासों के फलस्वरूप चंद्रयान-3 मिशन सफल हो पाया है। शिमला में उन्होंने कहा कि शिमला जिला के शोघी में 7 अक्तूबर, 2023 को उन्होंने विज्ञान अध्ययन एवं सृजनात्मकता केंद्र का उद्घाटन किया था और इस केंद्र में पहला तारामंडल शीघ्र ही क्रियाशील हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में रखे गए विभिन्न मंडलों और प्रदर्शनियों के माध्यम से बच्चों के लिए विज्ञान के अध्ययन को और अधिक रोचक और नवीन बनाया गया है। उन्होंने इस केंद्र की स्थापना में हिमाचल प्रदेश पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी।

हिमकॉस्ट ने सैंटर फॉर साइंस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी शोघी में मनाई वर्षगांठ
हिमाचल प्रदेश विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्ट) ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की प्रथम वर्षगांठ सैंटर फॉर सांइस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी, शोघी आनंदपुर में मनाई। यह प्रदेश का दूसरा सांइस लर्निंग सैंटर है, जहां बच्चों को विज्ञान, मॉडलों के माध्यम से रोचक एवं रचनात्मक ढंग से समझने में सहायता मिलती है। शीघ्र ही यहां एक प्लेनेटोरियम भी बनाया जा रहा है, जिसके निर्माण के बाद प्रदेश के बच्चों को अन्य राज्यों में स्थापित साइस म्यूजियमों में विभिन्न प्रकार के साइंस मॉडल एवं स्पेस उपकरणों के अध्ययन के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। हिमकॉस्ट के सदस्य सचिव डीसी राणा ने देश एवं प्रदेश के वैज्ञानिकों को बधाई दी तथा विज्ञान को बच्चों को साधारण एवं रोचक तरीके से समझाने में हिमकॉस्ट द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News