Cabinet Final Part : हिमाचल में मानसून की वर्षा से 300 करोड़ का नुक्सान, 17 की जान गई

punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 10:58 PM (IST)

शिमला (हैडली): राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि मानसून की वर्षा से अब तक प्रदेश में 300 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। अब तक बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश में 17 लोगों की जान गई है। उन्होंने यह जानकारी मंत्रिमंडल बैठक की जानकारी देने को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह तक 37 सड़कें बाधित थीं। इसके अलावा कुछ पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि मनाली में ब्यास नदी के किनारे सेफ्टी वाॅल लगाने के लिए टैंडर हो चुके हैं। इसके लिए काम में तेजी लाई जा रही है। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार सुबह सचिवालय पैदल पहुंचे। उन्होंने इस दौरान स्कूली बच्चों एवं राह चलते लोगों से बात भी की। सुबह सचिवालय के लिए पैदल चलना और सायं के समय शिमला के अलग-अलग स्थानों पर घूमने के लिए निकलना मुख्यमंत्री की दिनचर्या का हिस्सा है।

मंत्रिमंडल बैठक में प्रदेश के 4 विकास खंडों के पुनर्गठन को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके तहत बमसन, सुजानपुर टीहरा, हमीरपुर और भोरंज विकास खंडों का पुनर्गठन किया जाना है। इसके तहत पंचायत के लोग जिस विकास खंड में जाना चाहंगे, उसे वहां शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। इसके आधार पर नए विकास खंडों का पुनर्गठन होगा।

संगड़ाह को नगर पंचायत और ददाहू को मिला बीडीओ ऑफिस
मंत्रिमंडल ने नगर पंचायत संगड़ाह के गठन को भी मंजूरी प्रदान की है। इसके अलावा ददाहू में बीडीओ ऑफिस खुलेगा। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम हमीरपुर से बौनी पंचायत को बाहर किया जाएगा। इसी तरह नगर परिषद रोहड़ू में कुछ और क्षेत्र शामिल किए जाएंगे।

जनजातीय क्षेत्र में टैंडर सीमा बढ़ी
जनजातीय क्षेत्र काजा, पांगी, भरमौर और किन्नौर में ऑफलाइन टैंडर सीमा को 1 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख रुपए किया गया है। इससे विकास कार्यों को गति प्रदान की जा सकेगी और छोटे-छोटे कार्यों के लिए टैंडर प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News