Shimla: भट्टाकुफर फल मंडी में सेब की दस्तक, 100 रुपए में बिका पैनेट
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 10:25 PM (IST)
शिमला (भूपिन्द्र): राजधानी शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में इस सीजन के सेब ने दस्तक दे दी है। रविवार को मंडी में कोटगढ़ क्षेत्र से सेब पहुंचा, जिसे व्यापारियों और परचून विक्रेताओं ने उत्साह के साथ खरीदा। मंडी में स्पर वैरायटी के सेब का पैनेट 100 रुपए में बिका, जिससे नए सीजन की शुरूआत हो गई है। इसी तरह बागवानों द्वारा मंडी में अन्ना वैरायटी का सेब लाया गया। इस किस्म के सेब की 2 लेयर वाली एक पेटी 1200 रुपए में बिकी। मंडी में इसकी मात्र 2 पेटियां आई थीं। यह सेब कोटगढ़ क्षेत्र से बागवानों ने मंडी में लाया था। मंडी में पहुंचे व्यापारियों का कहना है कि सीजन की शुरूआत में आने वाले सेब को अच्छे दाम मिलते हैं, क्योंकि मंडी में सेब नहीं होता है। शुरूआती खेप की मात्रा कम होने से भी कीमतें बेहतर बनी हुई हैं। मंडी में पहुंचे सेब के पैनेट व 2 लेयर के बाॅक्स को स्थानीय परचून विक्रेताओं ने खरीदा।
एक से सवा किलो क्षमता वाले पैनेट 100 रुपए प्रति पैनेट के हिसाब से बिके। उधर, इस बार सेब की फसल कम है। ऐसे में सेब के दाम अच्छे रहने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच मंडी में नाशपाती की आवक भी शुरू हो गई है। रविवार को नाशपाती के हाफ बॉक्स को 1200 रुपए तक का भाव मिला। उधर, कारोबारियों का कहना है कि अभी बागवान ड्रापिंग वाले सेब यानि नीचे गिरे हुए सेब डिब्बों में भर कर लाते हैं। अभी सेब सीजन में कुछ समय है। आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन ने बताया कि मंडी में कोटगढ़ क्षेत्र से यह सेब लाया गया था, लेकिन इसकी मात्रा बहुत ही कम थी। मंडी में 2 या 3 पैनेट तथा 2 पेटियां दो लेयर वाली पहुंची थीं।

