कुमारसैन की शिवान बीट के जंगलों में ''आग का तांडव'': लाखों की वन संपदा खाक, वन्य जीवों पर भी संकट
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 02:10 PM (IST)
Shimla News: हिमाचल के कोटगढ़ वन मंडल के तहत कुमारसैन की शिवान बीट के घने जंगलों में बीते गुरूवार को भीषण आग लग गई। शुष्क मौसम और तेज हवाओं के चलते आग ने चंद घंटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया और पहाड़ी क्षेत्र के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के कारण बहुमूल्य चीड़ के पेड़ों समेत अन्य वनस्पति को भारी नुकसान पहुंचा है।
दुर्गम पहाड़ियों ने बढ़ाई चुनौती
स्थानीय ग्रामीणों ने जब जंगलों से धुआं उठते देखा, तो तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा जा सकता था। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण वन विभाग की टीम और ग्रामीणों को आग बुझाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कोशिशें जारी रहीं। इस हादसे में न केवल वन संपदा का नुकसान हुआ है, बल्कि वन्यजीवों और पक्षियों के मारे जाने की भी प्रबल आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग ने दी सख्त चेतावनी
कुमारसैन के वन परिवेक्षक अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि यह आग मानव जनित पाई गई, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वन विभाग ने जनता से की ये अपील
वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करें। जंगलों में आग न जलाएं और बीड़ी या सिगरेट के जलते हुए टुकड़े जंगल में न फेंकें। विभाग ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें।

