हिमाचल में 50 फुट गहरी खाई में मिली स्कूटी, नंबर ट्रेस किया तो खुला पंजाब का 6 महीने पुराना राज

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 03:43 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के तहत आने वाली ग्राम पंचायत सपौरी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने करीब 50 फुट गहरी खाई में एक स्कूटी पड़ी देखी। पुलिस ने जब इस स्कूटी को खाई से निकालकर इसके रिकॉर्ड खंगाले, तो पता चला कि यह स्कूटी पंजाब से 6 महीने पहले चोरी हुई थी।

जानकारी के मुताबिक सपौरी क्षेत्र के कुछ लोग सुबह सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर खाई में पड़ी स्कूटी पर गई। अनहोनी की आशंका के चलते लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अम्ब पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई संजीव धामी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद 50 फुट गहरी खाई में उतरकर स्कूटी को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस जांच में पता चला कि स्कूटी पर पंजाब का नंबर लगा हुआ है। जब वाहन का पंजीकरण रिकॉर्ड चैक किया गया, तो वह जिला रूपनगर (पंजाब) निवासी एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड पाई गई। अम्ब पुलिस ने तुरंत स्कूटी मालिक से संपर्क साधा। मालिक ने पुलिस को बताया कि उसकी स्कूटी करीब 6 महीने पहले (दीवाली से पूर्व) चोरी हो गई थी। इस चोरी की बकायदा एक एफआईआर पंजाब के आनंदपुर साहिब थाने में दर्ज है।

खाई में चोरी की स्कूटी मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग कयास लगा रहे हैं कि आखिर चोरी की यह स्कूटी हिमाचल की इस खाई तक कैसे पहुंची और इसे यहां फैंकने के पीछे किन लोगों का हाथ हो सकता है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि स्कूटी को कब्जे में ले लिया गया है और उसके असली मालिक से संपर्क कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि चोरी की यह स्कूटी इस खाई तक कैसे पहुंची।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News