सोलन : पाथा के पास पहाड़ी से टकराई स्कूल बस, 24 बच्चे घायल

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2022 - 12:22 AM (IST)

दाड़लाघाट (अत्री): सोलन जिले के तहत शनिवार को बागा-कंधर मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया। इस हादसे में 24 स्कूली बच्चों को चोटें आई हैं। बस में बागा व आसपास क्षेत्र के बच्चे कंधर (मांगल) पाठशाला को जा रहे थे। गांव पाथा के पास बस में किसी चीज की टूटने की आवाज आई। इस पर बस ड्राइवर ने मुस्तैदी दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया। अगर बस दूसरी तरफ चली जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस में 13 लड़कियां और 11 लड़के थे। घायलों को प्राइमरी हैल्थ सैंटर बागा में उपचार दिया गया। 6 बच्चों को अर्की सिविल अस्पताल भेजा गया। वहां पर 4 बच्चों विशाल (15), खुशबू (16), तनु ठाकुर (13) और मीनाक्षी (16) को छुट्टी दे दी है, जबकि शीतल (14) व स्नेहा (14) को आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कंपनी की 2 बसें बच्चों को लाने व ले जाने जाती हैं। ये बहुत पुरानी हो चुकी हैं। इनको बदलने के लिए कंपनी के अधिकारियों को कई बार कहा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि इन बसों को बदल कर नई बसें चलाई जाएं। विधायक संजय अवस्थी ने बताया कि इन बसों को बदलने के लिए कंपनी को कहा गया था। उन्होंने सरकार से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नई बसें लगवाने और इन बसों की जांच करवाने की मांग की है। डीएसपी दाड़ला प्रताप सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। घटना की जांच की जा रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News