बिजली विभाग के अधिकारियों को ‘झटका’ दे गए संजय कुंडू

Tuesday, Dec 04, 2018 - 06:44 PM (IST)

मंडी (नीरज): सी.एम. जयराम ठाकुर के प्रधान सचिव आई.पी.एस. अधिकारी संजय कुंडू ने मंगलवार को मंडी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सराज विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सराज विधानसभा क्षेत्र के अधिकारियों सहित सराज भाजपा के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान संजय कुंडू ने बिजली विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।

लो वोल्टेज की समस्या पर जताई नाराजगी

मिली जानकारी के अनुसार सराज क्षेत्र इन दिनों लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है, ऐसे में सी.एम. के गृह क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है और आए दिन सी.एम. के पास यह शिकायतें पहुंच रही हैं। बताया जा रहा है कि प्रधान सचिव ने लो वोल्टेज को लेकर नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों को जमकर करंट लगाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लो वोल्टेज की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें क्योंकि गांव-गांव में हाई वोल्टेज के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं।

कृषि विभाग के अधिकारियों की भी लगी क्लास

इसके बाद कृषि विभाग के अधिकारियों की भी जमकर क्लास लगी। अधिकारियों को फील्ड में न जाने का खमियाजा भुगतना पड़ा। प्रधान सचिव ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर काम करने के निर्देश दिए। वहीं सराज क्षेत्र में बी.एस.एन.एल. की सिग्नल प्रोबल्म भी इस बैठक में चर्चा का विषय बनी। प्रधान सचिव ने बी.एस.एन.एल. के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिग्नल की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए और चियूणी में लगाए गए टावर को सही ढंग से चलाया जाए।

पी.डब्ल्यू.डी. के काम से हुए संतुष्ट

वहीं प्रधान सचिव पी.डब्ल्यू.डी. के कार्यों से संतुष्ट नजर आए और गर्मियां शुरू होते ही टारिंग के कार्य में तेजी लाने को कहा। बैठक में डी.सी. मंडी ऋग्वेद ठाकुर सहित जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Vijay