किहार के बाद अब चम्बा में दिखा सांभर (हिरण)

punjabkesari.in Tuesday, Feb 09, 2021 - 05:52 PM (IST)


चम्बा(काकू) जिले के रजेरा क्षेत्र में सांभर (हिरण)मिला है। यह सांभर जंगल से राह भटक कर एन.एच.पी.सी. पावर स्टेशन के परिसर में पहुंच गया। पहली बार इस क्षेत्र में सांभर देखा गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचे और सांभर का  सुरक्षित रैस्क्यू किया। सोमवार को एन.एच.पी.सी. के कर्मचारियों ने एन.एच.पी.सी. के पावर ग्रिड परिसर में एक जंगली जानवर को देखा। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के डी.एफ.ओ. निशांत मढ़ोत्रा व वाइल्ड लाइफ डी.एफ.ओ. राजीव कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे। सांभर आराम से बैठा हुआ था। इस दौरान सांभर को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। भीड़ को देखकर सांभर डर गया और यहां वहां दौडऩे लगा।

इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे रैस्क्यू किया। बाद में सांभर जंगल की ओर भाग गया। सांभर हिरण की सबसे बड़ी प्रजाति है। यह पूरे देश में पाया जाता है। जिला चम्बा में सिर्फ बनीखेत क्षेत्र में ही सांभर पाया जाता है। हालांकि हाल ही में किहार क्षेत्र में ही सांभर को देखा गया है, लेकिन चम्बा वन परिक्षेत्र में इसकी मौजूदगी नहीं पाई गई है। पहली बार रजेरा में इसे देखा गया। माना जा रहा है कि यह जंगल में रास्ता भटक कर यहां पहुंच गया था। वन विभाग के डी.एफ.ओ. निशांत मढ़ोत्रा ने बताया कि एन.एच.पी.सी. कर्मियों ने उन्हें सांभर के बारे में सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि एन.एच.पी.सी. द्वारा की गई फैंसिंग में यह सांभर फंस गया था। करीब दो घण्टे तक वहां रहा। इसके बाद जंगल की ओर भाग गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kaku Chauhan

Related News